
income tax department
भीलवाड़ा ।
आयकर विभाग की नजर अब टैक्स डिफॉल्टर पर है। अजमेर रैंज में 150 से अधिक टैक्स डिफॉल्टर हैं। इनमें भीलवाड़ा के व्यापारी भी शामिल हैं। इनके खिलाफ विभाग कभी भी सख्त कदम उठा सकता है। आयकर अधिकारियों का कहना है कि हाल ही अजमेर के एक व्यापारी को ४० लाख का टैक्स बकाया होने पर गिरफ्तार किया था। अब प्रदेश के सभी विभाग के अधिकारियों को ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
इसके तहत भीलवाड़ा में भी नोटिस, गिरफ्तारी वारंट और अंतिम चेतावनी की प्रक्रिया हो रही है। अधिकारियों ने डिफॉल्टर को आगाह किया है कि तुरंत टैक्स जमा करवाएं।
बेनामी सम्पत्ति निषेध शाखा की निगरानी
टैक्स चोरों के खिलाफ आयकर विभाग की रेड व सर्वे की कार्रवाई नियमित जारी है। पिछले दिनों ऐसे कई व्यवसायी और कारोबारियों पर आयकर विभाग शिकंजा कसा गया था। जिन्होंने नोटबंदी के दौरान मोटी रकम इधर-उधर की थी। आयकर विभाग की बेनामी सम्पत्ति निषेध शाखा ऐसे व्यापारियों पर निगरानी रख रही है। इसके अलावा विभाग आरोपी डिफॉल्टर्स के बैंक खाते, लॉकर्स और चल-अचल सम्पत्तियों की जानकारी जुटा रहा है। टैक्स नहीं जमा कराने की स्थिति में गिरफ्तारी के साथ बैंक खाते और लॉकर्स खंगाले जाएंगे। कुछ नहीं मिलता है, तो संपत्ति नीलाम कर टैक्स की वसूली की जाएगी।
Published on:
13 Mar 2019 06:10 am
