
Demonstration outside villagers school in bhilwara
शाहपुरा।
गणेशपुरा ग्रामवासियों ने बुधवार को शिक्षक गजेन्द्र सिंह राणावत के स्थानांतरण को निरस्त कर यथावत् रखने की मांग को लेकर पांचवें दिन विरोध प्रदर्शन को नया रूप दे दिया। 80 में से 57 बच्चों की टीसी की मांग के बाद सभी ग्राम वासियों ने मिलकर गांव के कल्याण कुमावत के मकान में बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था शुरू कर दी।
गांव के शिक्षित युवाओं ने बच्चों के अध्यापन का जिम्मा लिया और कक्षा 8 के बच्चे छोटी कक्षा के बच्चों को पढ़ाते नजर आए। वयोवृद्ध ग्रामीण खनिराम की अगुवाई में ग्रामीणों की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जब तक शिक्षक राणावत वापस गणेशपुरा विद्यालय में नियुक्त नहीं होते हैं तब तक बच्चों की पढ़ाई इसी प्रकार जारी रहेगी।
आन्दोलन क्यो कर रहे है इसके जबाब में ग्रामीण खनिराम, पूर्व पंचायत समिति सदस्य किशन कुमावत आदि ने बताया कि राणावत के प्रयास से गत चार वर्षो से विद्यालय का परीक्षा परीणाम शत प्रतिशत रह रहा है। इधर पंचायत समिति,शाहपुरा के उप प्रधान बजरंग सिंह राणावत इस मामले को लेकर जयपुर में विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल से इस मामले का हल निकालने का भरोसा दिलाया।
एक भी विद्यार्थी नहीं पहुंचा स्कूल
शिक्षा विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों से मोह भंग होने पर बुधवार को 21 और नामांकित विद्यार्थियों ने शाला प्रशासन सेे टीसी की मांग की। कुल 80 नामांकित विद्यार्थी में से एक भी विद्यार्थी बुधवार शाला नहीं पहुंचा। स्टॉफ के अलावा विद्यालय में बच्चे नहीं पहुंचने पर सन्नाटा पसरा रहा। 36 विद्यार्थी पूर्व में टीसी की मांग कर चूके हैं।
इनका कहना है
विधायक कैलाश मेघवाल ने डीएमएफटी योजनान्तर्गत विद्यालय विकास के लिए राज्य सरकार से 36 लाख 45 हजार रुपए स्वीकृत किए। अध्यापक राणावत इस राशि से शाहपुरा बिजयनगर हाईवे पर स्थित विद्यालय की सवा तीन बीघा भूमि पर 5 नये कक्षा कक्ष, शौचालय, किचन सेट व चारदिवारी तैयार करवाना चाहते हैं। लेकिन कुछ लोग अपना स्वार्थ सिद्ध करने को लेकर राणावत का स्थानान्तरण करवा दिया।
—कालूराम कुमावत, अध्यक्ष विद्यालय विकास समिति, गणेशपुरा
बुधवार को एक भी बच्चा शाला नही आया। टीसी की मांग कर रहे विद्यार्थियों की बात से उच्च अधिकारियों को आवगत करवा दिया गया।
—सपना टेलर,कार्यवाहक शाला शिक्षिका
हम इस समस्या के हल को लेकर ग्रामीणों से समझाईस व उच्च अधिकारियों को बराबर सूचना प्रेषित कर रहे हैं।
नाथूराम मेघवंशी, ब्लॉक प्रारंभिक शिक्षाधिकारी, शाहपुरा
Published on:
11 Jul 2018 08:43 pm
