
डेनिम उत्पादन में देश में अहमदाबाद के बाद दूसरे नम्बर पर भीलवाड़ा है
भीलवाड़ा ।
राज्य सरकार डेनिम प्लांट लगाने की स्वीकृति जारी करती है तो वस्त्रनगरी भीलवाडा के औद्योगिक विकास के नए द्वार खुल सकते है। इस क्षेत्र में भीलवाड़ा अहमदाबाद को भी पीछे छोड़ सकता है। यह बात भीलवाड़ा टेक्सटाइल ट्रेड फेडरेशन के सदस्यों ने मुख्यमंत्री से हाल ही हुई मुलाकात में कहीं। मुख्यमंत्री ने भीलवाड़ा के प्रभारी अधिकारी रजत मिश्रा को इस मामले में रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इससे उद्यमियों को उम्मीद जगी है कि अगले बजट सत्र से पहले डेनिम प्लान्ट से सरकार रोक हटा सकती है।
भीलवाड़ा में देश की 50 प्रतिशत सूटिंग्स का उत्पादन होता है। एन्ट्री टैक्स को हटाने के बाद से ही यहां लगभग 1.50 से 2 करोड़ मीटर डेनिम का उत्पादन होने लगा है। लेकिन इसका उत्पादन बढ़ नहीं रहा है। इसके पीछे मुख्य कारण भीलवाड़ा में डेनिम प्लांट लगाने पर रोक है। यह रोक हटती है तो शहर व आस-पास के क्षेत्र में लगभग 15 डेनिम लाइन लगाने के लिए उद्यमी तैयार है। एक लाइन पर लगभग प्रतिमाह 9 से 10 लाख मीटर डेनिम का उत्पादन होता है। उद्यमियों की मानें को अहमदाबाद में लगभग 5 करोड़ मीटर प्रतिमाह का उत्पादन हो रहा है। स्वीकृति मिलने पर भीलवाड़ा अहमदाबाद को पीछे छोड़ सकता है।
डार्कजोन के कारण परेशानी
भीलवाड़ा को 2012 के सर्वे आधार पर डार्कजोन में रखा गया था लेकिन अब पानी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। चम्बल परियोजना का पानी आने से अन्य पेयजल स्त्रोत का पानी सुरक्षित है। गत वर्षो में हुई बरसात के बाद भीलवाड़ा का जल स्तर काफी बढ़ गया है। डेनिम प्रोसेसिंग में पानी का उपयोग अपेक्षाकृत काफी कम है। कपड़ा प्रोसेस के लिए मात्र 15 से 20 हजार लीटर पानी प्रतिदिन की आवश्यकता रहती है। नई टेक्नालॉजी के आधार पर रिसाईकिलिंग प्रोसेस से नगण्य पानी से यह काम चल सकता है।
चार बड़े प्लांट
टेक्सटाइल ट्रेड फेडरेशन के अनुसार भीलवाड़ा में चार बड़ी ईकाइयों के अलावा 20 से अधिक यूनिटों में डेनिम का उत्पादन हो रहा है। लेकिन यह सभी केवल ग्रे डेनिम बना रहे हैं, जबकि चार बड़ी उद्योगों के पास सभी तरह की सुविधा होने से डेढ से दो करोड़ मीटर का उत्पादन कर रहे हैं। डेनिम उत्पादन में देश में अहमदाबाद के बाद दूसरे नम्बर पर भीलवाड़ा है।
मांगी डेनिम प्लान्ट के लिए स्वीकृति
मुख्यमंत्री के माण्डलगढ़ दौरे के दौरान फैडरेशन की ओर से डेनिम प्लांट की स्वीकृति के लिए आग्रह किया था। मुख्यमंत्री ने इस मामले में जिला प्रभारी सचिव को रिपोर्ट बनाकर देने के निर्देश दिए हैं। भीलवाड़ा में स्वीकृति मिलती है तो उद्यमी जल्द ही अहमदाबाद को भी पीछे छोड़ सकते हैं।
अतुल शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, भीलवाड़ा टेक्सटाइल ट्रेड फैडरेशन
Published on:
23 Oct 2017 02:18 pm
बड़ी खबरें
View Allभीलवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
