
Due to board exams, SIR work will now be done after school hours.
प्रदेश में जारी बोर्ड परीक्षाओं और आगामी स्थानीय परीक्षाओं के बीच शिक्षा विभाग ने शिक्षकों को बड़ी राहत दी है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर ने आदेश जारी कर स्पष्ट किया है कि जिन शिक्षकों की ड्यूटी एसआइआर अभियान में लगी है, वे अब इससे संबंधित कार्य स्कूल समय के बाद ही करेंगे। निदेशालय की ओर से सभी मुख्य जिला शिक्षा अधिकारियों को जारी इस निर्देश का मुख्य उद्देश्य बोर्ड परीक्षाओं के सफल संचालन और उत्तर पुस्तिकाओं के समयबद्ध मूल्यांकन को सुनिश्चित करना है।
निदेशक सीताराम जाट के अनुसार, वर्तमान में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर की 10वीं और 12वीं की मुख्य परीक्षाएं चल रही हैं। साथ ही अगले माह से स्थानीय परीक्षाएं भी शुरू होने वाली हैं। विभाग ने परीक्षाओं को अति महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध कार्य की श्रेणी में रखा है। शिक्षकों की पहली प्राथमिकता बोर्ड परीक्षा ड्यूटी और कॉपियों की चेकिंग होगी। जिला शिक्षा अधिकारी संबंधित जिला कलक्टर से समन्वय स्थापित कर समयबद्ध कार्यक्रम तय करेंगे। एसआइआर से जुड़े कार्यों के लिए शिक्षकों को स्कूल के शैक्षणिक समय के साथ समझौता नहीं करना होगा। माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट का कहना है कि बोर्ड परीक्षाएं और मूल्यांकन विभाग का सर्वोच्च प्राथमिकता वाला कार्य है। शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए एसआइआर कार्य को स्कूल समय के पश्चात करने के निर्देश दिए गए हैं।
Published on:
18 Feb 2026 09:32 am
