
English wine worth Rs 50 lakh recovered from truck in bhilwara
हमीरगढ़।
पुलिस ने शनिवार देर रात चित्तौडग़ढ़ राजमार्ग पर स्वरूपगंज चौराहे पर ट्रक से हरियाणा निर्मित 50 लाख रुपए की अंग्रेजी शराब बरामद की। यह शराब पुराने फ्रीज की आड़ में ले जा रही थी। चालक को गिरफ्तार कर लिया। आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर सप्लायर का पता किया जा रहा है।
थानाधिकारी तुलसीराम को मुखबिर से सूचना मिली कि अजमेर की आेर से ट्रक में अवैध शराब लाई जा रही हॅै। इस पर स्वरूपगंज चौराहे पर नाकाबंदी की व शंका के आधार पर ट्रक रुकवाया। ट्रक में पुराने फ्रीज भरे थे। पूछताछ में चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया तो वाहन को स्वरूपगंज चौकी लाए। पुराने फ्रीज उतारे तो उसके नीचे अंग्रेजी शराब के 931 कर्टन मिले। इनकी अनुमानित कीमत करीब पचास लाख रुपए आंकी गई है। चालक अरविंद प्रसाद जायसवाल निवासी श्रीरामपुर (पश्चिमी बंगाल) को गिरफ्तार किया।
चालक ने बताया कि उसे शराब लदा ट्रक हरियाणा बॉर्डर पर सौंपा था। इसे नागपुर ले जाना था और मोबाइल से सम्पर्क होना था। नागपुर पहुंचने पर किसी को ट्रक सौंपने के लिए कहा था। सप्लायर की तलाश में पुलिस हरियाणा टीम भेजेगी।
Published on:
17 Mar 2019 06:31 pm
