18 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भीलवाड़ा को सौगात: छोटे उद्यमियों को जयपुर के चक्कर से मुक्ति, 14 करोड़ से बिछेगा सड़कों का जाल

राजस्थान विधानसभा में मंगलवार को बजट पर चर्चा के जवाब में वित्त मंत्री दिया कुमारी ने जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों पर मुहर लगाते हुए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। इन घोषणाओं से भीलवाड़ा जिले को शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। जिले के छोटे उद्यमियों को अब अपने […]

2 min read
Google source verification
Gift to Bhilwara: Small entrepreneurs freed from the hassle of Jaipur

Gift to Bhilwara: Small entrepreneurs freed from the hassle of Jaipur

  • शाहपुरा कॉलेज में शुरू होगी पीजी की कक्षाएं, 75 हजार स्कूली बच्चों को मिलेंगे मुफ्त चश्मे
  • एमएसएमई: जिला उद्योग महाप्रबंधक को मिली शक्तियां, अब स्थानीय स्तर पर होंगे आवेदन स्वीकृत

राजस्थान विधानसभा में मंगलवार को बजट पर चर्चा के जवाब में वित्त मंत्री दिया कुमारी ने जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों पर मुहर लगाते हुए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। इन घोषणाओं से भीलवाड़ा जिले को शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। जिले के छोटे उद्यमियों को अब अपने काम के लिए राजधानी जयपुर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, वहीं मांडल और सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र में 14 करोड़ रुपए की लागत से सड़कों और पुलिया का निर्माण होगा।

अब स्थानीय स्तर पर होंगे काम

इस बजट की सबसे खास बात एमएसएमई और 'एक जिला एक उत्पाद' योजना से जुड़ी रही। सरकार ने आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के लिए जिला उद्योग केंद्रों के महाप्रबंधकों को विशेषाधिकार दे दिए हैं। अब स्थानीय स्तर पर आने वाले आवेदन महाप्रबंधक खुद स्वीकृत कर सकेंगे। सरकार के इस कदम से छोटे उद्यमियों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी और उन्हें जयपुर के चक्कर लगाने से मुक्ति मिलेगी।

शिक्षा और नौनिहालों के स्वास्थ्य पर फोकस

राजकीय महाविद्यालय शाहपुरा (भीलवाड़ा) में पीजी स्तर पर राजनीति विज्ञान और समाज शास्त्र विषय खोलने की घोषणा की गई है। इससे स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। प्रदेश भर के सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत लगभग 75 हजार विद्यार्थियों की आंखों की जांच कर उन्हें आवश्यकतानुसार मुफ्त चश्मे उपलब्ध करवाए जाएंगे। जिसका सीधा लाभ भीलवाड़ा के छात्रों को भी मिलेगा।

सड़कों और पुलिया से सुधरेगी कनेक्टिविटी 14 करोड़ की सौगात

वित्त मंत्री ने क्षेत्र के विधायकों की मांग को प्रमुखता देते हुए 14 करोड़ रुपए के सड़क और पुलिया निर्माण कार्यों को मंजूरी दी है। मांडल विधायक उदयलाल भडाणा का प्रस्ताव लिरड़िया में डामर और सीसी सड़क, देवनारायण का देवरा से जमना सैन के घर तक नाली सहित सीसी रोड का निर्माण। मेलियास गांव में सीसी रोड और अप्रोच रोड तथा बावड़ी रास्ते से लिरड़िया बावड़ी तक डामर सड़क के लिए 2.50 करोड़ रुपए। बावलास से छापरी तक 5 किलोमीटर सड़क और पुलिया निर्माण के लिए 7 करोड़ 50 लाख रुपए का बजट दिया है। सहाड़ा विधायक लादूलाल पीतलिया के प्रस्ताव के अनुसार कोठारी नदी पर जलामली से बनिया का खेड़ा तक पुलिया निर्माण के लिए 4 करोड़ रुपए के बजट की घोषणा की गई है।