
अमरगढ़।
अंधविश्वास के चक्कर में नवजात और मासूम बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ का खेल थमता नजर नहीं आ रहा है। इस तरह की घटनाओं में नवजात बच्चों की जान तक जा चुकी है, लेकिन ग्रामीण इन घटनाओं से सबक नहीं ले रहे हैं। जिल के भगुनगर पंचायत के जवानपुरा में निमोनिया ठीक करने के नाम पर तीन माह के नवजात बच्चे को पेट पर तीन जगह डाम लगा दिया गया। हालत बिगडऩे पर बच्चे को शनिवार को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार परमेश मीणा के तीन माह के बेटे बादल को पिछले दिनों निमोनिया हो गया था। उसे सांस लेने में भी तकलीफ हो रही थी। इसके चलते बच्चे को उसकी मां व अन्य परिजन पड़ौसी गांव के भोपे के पास ले गये, जो बच्चों को डाम लगाता है। इसी व्यक्ति ने बादल को भी निमोनिया व सांस की बीमारी ठीक करने के नाम पर पेट पर तीन जगह गरम लोहे से दाग दिया। इसके चलते बालक की हालत सुधरने के बजाय और बिगड़ गई। इसके चलते बादल को लेकर उसकी मां व परिजन उसे काछोला अस्पताल लाए जहां से उसे महात्मा गांधी जिला अस्पताल भीलवाड़ा के लिए रैफर कर दिया गया। बालक का यहां उपचार किया जा रहा है। मासूम की हालत नाजुक बनी हुई है।