
मांडलगढ़ उपचुनाव को लेकर भाजपा व कांग्रेस ने रविवार को पत्ते खोल दिए। भाजपा ने जहां जिला प्रमुख शक्तिसिंह हाड़ा को प्रत्याशी बनाया, वहीं कांग्रेस ने गत विधानसभा चुनाव के अपने उम्मीदवार विवेक धाकड़ पर विश्वास जताया।
भीलवाड़ा।
मांडलगढ़ उपचुनाव को लेकर भाजपा व कांग्रेस ने रविवार को पत्ते खोल दिए। भाजपा ने जहां जिला प्रमुख शक्तिसिंह हाड़ा को प्रत्याशी बनाया, वहीं कांग्रेस ने गत विधानसभा चुनाव के अपने उम्मीदवार विवेक धाकड़ पर विश्वास जताया। धाकड़ मंगलवार और हाड़ा बुधवार को पर्चा भरेंगे। दोनों ही प्रमुख दलों ने सोमवार को चुनाव संचालन समितियों की बैठक बुलाई है। यह सीट भाजपा की कीर्तिकुमारी के 28 अगस्त को निधन के चलते खाली हुई थी।
दोनों दलों की प्रत्याशी चयन के लिए जयपुर से दिल्ली तक मैराथन बैठकें हुई। कई दिन की माथापच्ची के बाद आखिर भाजपा ने पहले अपने पत्ते खोले और जयपुर में दोपहर तीन बजे हाड़ा को प्रत्याशी घोषित किया। इसके दो घंटे बाद दिल्ली में कांग्रेस ने विवेक धाकड़ के नाम पर मुहर लगा दी। दोनों ही प्रमुख दलों ने उन नामों को ही अंतिम मंजूरी दी, जो दावेदारों की सूची में सबसे आगे थे।
किसको क्यों माना टिकट के काबिल...
पूर्व जिला प्रमुख इंजीनियर कन्हैया लाल धाकड़ के बेटे विवेक वर्ष 2013 में मांडलगढ़ सीट से कांग्र्रेस प्रत्याशी थे। तब विवेक भाजपा की कीर्तिकुमारी से 18,540 मतों से हारे थे। मांडलगढ़ क्षेत्र के धाकड़ बहुल क्षेत्र होने के साथ विभिन्न जातिगत समीकरणों को ध्यान में रखते कांग्रेस ने विवेक पर फिर भरोसा जताया। वहीं भाजपा ने कीर्तिकुमारी के निधन से रिक्त हुई सीट पर राजपूत समाज के ही हाड़ा को प्रत्याशी बनाया। पेश से रिसोर्ट एवं खनिज व्यवसायी हाडा पीरचंद सिंघवी के निधन के बाद 2 दिसम्बर 2016 को जिला प्रमुख बने। हाड़ा मांडलगढ़ क्षेत्र से वार्ड 15 से जिला परिषद सदस्य है।
पर्चा भराने आएंगे दिग्गज
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल डांगी ने बताया, धाकड़ मंगलवार को मांडलगढ़ में पर्चा भेंगे। इस दौरान पार्टी महासचिव सीपी जोशी, प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट व पूर्व सीएम अशोक गहलोत समेत वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। सभी सुबह 10 बजे भक्त निवास पर जुटेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष दामोदर अग्रवाल ने बताया, हाडा बुधवार को पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की मौजूदगी में हाड़ा नामांकन पत्र पेश करेंगे। चुनाव संचालन समिति की बैठक सोमवार को मेनाल रिसोर्ट में होगी। इसमें चुनाव व नामांकन पत्र की रणनीति तय की जाएगी।
भाजपा ने बनाई 31 सदस्यीय समिति
जिला प्रमुख शक्तिसिंह हाड़ा के नाम की घोषणा होने के साथ ही उनके भीलवाड़ा में आरसी व्यास नगर स्थित आवास पर समर्थक, कार्यकर्ताओं व रिश्तेदारों का तांता लग गया। भाजपा से टिकट मिलने पर खुशी मनाई गई। हाड़ा की मां प्रकाश कंवर, पत्नी मधुकंवर ने कहा कि शक्ति ने पार्टी से मिली जिम्मेदारी बखूबी निभाई है, आगे भी खरे उतरेंगे। चित्तौडग़ढ़ में समारोह में शामिल होने गए हाड़ा के शाम को घर लौटने पर कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूलमालाओं से लाद दिया। भाजपा चुनाव को लेकर 31 सदस्यीय संचालन समिति गठित की है। वहीं अपने नाम की घोषणा के वक्त धाकड़ दोस्त के आवास पर थे। उनके सुभाषनगर स्थित आवास पर केवल घर के सदस्य थे। धाकड़ के घर पर मिठाइयां बंटी।
31 साल के हाड़ा
शक्तिसिंह हाड़ा (भाजपा )
शिक्षा: एमकॉम
व्यवसाय: खनन एवं कृषि
पिता: मनोहरसिंह हाड़ा
मां: प्रकाश कंवर
पत्नी: मधु कंवर
पुत्र: जयराज एवं इज्यराजसिंह
40 वर्ष के धाकड़
विवेक धाकड़ (कांग्रेस)
शिक्षा: एमबीए, एलएलबी
व्यवसाय: कृषि
पिता: कन्हैया लाल धाकड़
मां: सुषमा धाकड़
पत्नी: पद्मिनी
पुत्री: अवनी
कीर्तिकुमारी के सपने को पूरा करेंगे
पार्टी से मिली नई जिम्मेदारी से अभिभूत हूं। कार्यकर्ताओं की मदद से जीत सुनिश्चित करेंगे। पार्टी के विश्वास पर खरा उतरेंगे। दिवंगत विधायक कीर्ति कुमारी के सपने को पूरा करने के लिए जनता के बीच जाएंगे।
शक्तिसिंह हाड़ा, भाजपा प्रत्याशी
पिछली कमियों को करेंगे दूर
पिछले विधानसभा चुनाव में जो कमी रही, उसे दूर करेंगे। क्षेत्र की 65 हजार की आबादी के विश्वास पर खरा उतरने का जो मौका पार्टी ने दिया है, उन्हें वे इस बार पूरा करने की भरसक कोशिश करेंगे।
विवेक धाकड़, कांग्रेस उम्मीदवार
Published on:
08 Jan 2018 11:47 am
बड़ी खबरें
View Allभीलवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
