
पटरी पर रखे कीले व पत्थर, वंदे भारत को रोकने की कोशिश
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चित्तौड़गढ़ यात्रा से चंद घंटे पहले राजस्थान की तीसरी सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत को भीलवाड़ा-चित्तौड़गढ़ रेलवे खंड में सोमवार सुबह बेपटरी करने का प्रयास किया गया।
यहां समाजकंटक पटरी पर बड़ी कीलें और पत्थर रखकर भाग गए। समय पर लोको पायलट को पता चलने से बड़ा हादसा टल गया। कुछ दूरी पर ट्रेन को रोककर अवरोध हटाए गए। घटनाक्रम से पुलिस व रेलवे में हड़कम्प मच गया। भीलवाड़ा रेलवे सुरक्षा बल और चित्तौड़गढ़ की गंगरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गंगरार पुलिस समाजकंटकों का पता रही है।
जानकारी के अनुसार वंदे भारत उदयपुर से सुबह जयपुर रवाना हुई। ट्रेन के पहुंचने से पहले गंगरार-सोनियाणा के बीच किसी ने पटरी पर बड़ी दो कीलें और पत्थर रख दिए। घटनास्थल से कुछ दूर पहले लोको पायलट को इसका पता लग गया। उसने तत्काल ट्रेन को रोक दिया।
ट्रेन के साथ चल रही एस्कॉर्ट टीम ने मौके पर जाकर देखा तो उनको कीलें और पत्थर मिले। उनको हटाकर अपने साथ ले गई। करीब छह मिनट ट्रेन मौके पर खड़ी रही। इसकी जानकारी चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा रेलवे प्रबंधन को दी गई। सूचना पर रेलवे अधिकारी, आरपीएफ और गंगरार पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास संदिग्धों की तलाश भी की, लेकिन पता नहीं लगा।
वंदे भारत ट्रेन के साथ छेड़खानी की दूसरी घटना है। इससे पहले 25 सितम्बर को गंगरार के निकट वंदे भारत के कोच सी-3 पर किसी ने पत्थर फेंका। कोच का कांच क्षतिग्रस्त हो गया। पता चलने पर कुछ देर गाड़ी खड़ी रही। यह हरकत करने वाले आरोपियों का अब तक पता नहीं लगा है।
गौरतलब है कि 24 सितम्बर को उदयपुर से जयपुर के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उदयपुर में वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
Published on:
02 Oct 2023 10:16 pm
