11 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Patrika Fest : महिलाओं ने मेवाड़ी साफे पहनकर कारें चलाई और देशभक्ति के जयकारे लगाए

- पत्रिका फेस्ट का आगाज : भीलवाड़ा शहर में पहली बार ऐतिहासिक आयोजन -नारी शक्ति की आवाज बुलंद, कार रैली से दिया सशक्तीकरण का संदेश - भीलवाड़ा संस्करण का 25 वां स्थापना दिवस : पारम्परिक परिधान से सज-धज कर कारों में सवार होकर पहुंची महिलाएं - तिरंगे झंडों व गुब्बारों से सजी कार रैली को देखने उमड़े शहरवासी

3 min read
Google source verification
Patrika Fest : महिलाओं ने मेवाड़ी साफे पहनकर कारें चलाई और देशभक्ति के जयकारे लगाए

Patrika Fest : महिलाओं ने मेवाड़ी साफे पहनकर कारें चलाई और देशभक्ति के जयकारे लगाए

मेवाड़ की धरा भीलवाड़ा में मंगलवार को नारी शक्ति ने ऐतिहासिक कार रैली निकाल कर सशक्तीकरण का अनूठा संदेश दिया। राजस्थान पत्रिका भीलवाड़ा संस्करण के 25 वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में निकाली गई पत्रिका वीमेन कार रैली में भीलवाड़ा की महिलाओं ने मेवाड़ी साफे पहनकर कारें चलाई और देशभक्ति के जयकारों के साथ नारी शक्ति की आवाज को बुलंद किया।

भीलवाड़ा संस्करण का 25 वां स्थापना दिवस 1 जनवरी 2024 को है। इस सिलसिले में पत्रिका फेस्ट वीक का आगाज मोदी ग्राउंड में पत्रिका वीमेन कार रैली के साथ किया गया। सारथी गोल्ड संस्था के सहयोग से हुए अनूठे आयोजन में महिलाओं ने बढ़-चढ़ कर भागीदारी निभाई। महिलाएं न केवल खुद पारम्पिरिक परिधानों से सज-धज कर पहुंची, बल्कि अपनी कारों को तिरंगे झंडे व गुब्बारों से सजा कर लेकर आईं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी ने झंडी दिखाकर वीमेन कार रैली को रवाना किया। इससे पहले विधायक कोठारी ने पर्यावरणविद् बाबूलाल जाजू के सहयोग से सभी प्रतिभागी महिलाओं को तुलसी के पौधे वितरित कर पर्यावरण जागरूकता का संदेश भी दिया। मुख्य अतिथि विधायक कोठारी ने राजस्थान पत्रिका के अनूठे आयोजन की सराहना की और कार रैली में सभी महिलाओं को बधाई दी। कार्यक्रम में राजस्थान पत्रिका के सम्पादकीय प्रभारी कानाराम मुण्डियार ने अतिथिगण, सहयोगी संस्था व प्रतिभागी महिलाओं का आभार जताया।

मोदी ग्राउंड से शुरू हुई रैली नेहरू उद्यान, रोडवेज बस स्टैंड चौराहा, जेल चौराहा, कलक्ट्रेट के सामने, रेलवे स्टेशन चौराहा, गोल प्याऊ चौराहा, नगर परिषद के बाहर से होते हुए शास्त्रीनगर में महावीर स्कूल ग्राउंड पर सम्पन्न हुई। इस दौरान महिलाएं उमंग और उल्लास से लबरेज थी। मेवाड़ के आन-बान-शान के साथ निकली वीमेन कार रैली को देखने के लिए मोदी ग्राउंड सहित मार्ग पर कई जगहों पर शहरवासियों की भीड़ उमड़ी। लोगों ने फूल बरसा कर नारी शक्ति का स्वागत किया।

भारत माता के जयकारे, लहराए तिरंगे-

कारों के काफिले में सबसे आगे बैंड का वाहन चल रहा था। उसके बाद सारथी गोल्ड की चेयरपर्सन बीना बांगड़़, अध्यक्ष एकता ओस्तवाल, रीना डाड, तरंग जैन, दीपशिखा नैनावटी, ऋतु चौरडिया, पारो सर्राफ, बबीता बूलिया व टीना सोनी खुली जीप में सवार थीं। अधिकतर महिलाओं ने मेवाड़ी साफे व पाग पहन रखी थी। रैली में शामिल कारें-जीपें तिरंगे झंडे, गुब्बारे व फूलों से सजी थी। रास्ते में महिलाएं तिरंगा लहरा कर भारत माता की जयघोष करते हुए चली। इस दौरान कई महिलाओं ने अपनी सशक्तिकरण की आवाज को बुलंद करने के लिए हाथों में तख्तियां ले रखी थी।

ऐतिहासिक लम्हें मोबाइल में कैद-

भीलवाड़ा शहर में पहली बार नारी शक्ति के ऐतिहासिक आयोजन के यादगार लम्हों को मोबाइल में कैद करने का क्रेज देखा गया। कारों में सवार महिलाएं हर लम्हे को मोबाइल में कैद करते देखी गई। रास्ते में भी लोगों ने रैली के वीडियो बनाए। इस दौरान महिलाओं ने हाथ हिलाकर शहरवासियों का अभिवादन भी किया।

घूमर कर दिखाया उत्साह, भजन गाए-

रैली के शास्त्रीनगर महावीर स्कूल समापन पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने सामूहिक रूप से घूमर नृत्य किया। रैली का उत्साह नृत्य से देखते ही बन रहा था। इस दौरान रजनी जादोन आदि ने भजनों की प्रस्तुति भी दी।

श्रेष्ठ सजावट पर पुरस्कार-

रैली में शामिल जिन कारों की श्रेष्ठ सजावट रही उनमें सवार महिलाओं को सारथी गोल्ड संस्था की ओर से पुरस्कार दिए गए। प्रथम स्थान पर सुनीता गांधी, रेखा चौधरी, अन्नू चौधरी, पलक चौधरी तथा दूसरे स्थान पर शिल्पा, आभा मित्तल व मधु लोढ़ा की टीम रही।

कार रैली में इनकी भी रही भागीदारी-

नगर परिषद की पूर्व सभापति मधु जाजू व मंजू पोखरना, भजन गायिका सुमन सोनी, विनीता नुवाल, विनिता तोषनीवाल, मंजू खटवड़, मंजू बाफना, आशा रामावत, मोना शर्मा, किरण भदादा, चेतना जागेटिया, नीलम, अमिता बाबेल, विनिता सुथरिया, आशा बूलिया, पायल बूलिया, टीना जैन, विमला रांका, सुमन, शोभना सिरोहिया, स्वाति टिक्कीवाल, सपना अग्रवाल, अलका मारू, अमिता बाबेल, दिव्या बोरदिया, नैना गोखरू, सुमन दुगड़, उषा अग्रवाल, छाया त्रिवेदी, रजनी राजपूत, रेखा चौहान, पुष्पा मेहता, सपना अग्रवाल, परिधि चण्डालिया, ममता चलाना, रविता गंभीर, रश्मि नाहर, संगीता मानसिंहका, मंजू राठौड़, पिंकी सोनी समेत भारत-तिब्बत सहयोग मंच (महिला विभाग) ने भागीदारी निभाई।

पत्रिका वीमेन कार रैली का कारवां : एक नजर

12 बजे : मोदी ग्राउंड में महिलाओं का जुटना शुरू

12.30 बजे: रैली में शामिल कारों को तिरंगे व गुब्बारों से सजाया

1.25 बजे : स्टेरिंग संभाल महिलाओं ने ग्राउंड के चक्कर लगाए

1.30 बजे: झण्डी दिखते ही रैली शहर के लिए रवाना

3.00 बजे : शास्त्रीनगर महावीर स्कूल ग्राउण्ड पर रैली पहुंची

3.15 बजे : उत्साह के साथ घूमर नृत्य की प्रस्तुति

3.30 बजे : कार सजावट के लिए पुरस्कार