
people doing prayers and worships for good rain in Bhilwara
बागौर/सवाईपुर/ भीलवाड़ा। जिले में ग्रामीण बारिश के लिए तरह—तरह के जतन कर रहे हैं। लोग अपने—अपने तरीकों से बारिश की कामना कर रहे हैं। गुरलां के ग्रामीणों ने रविवार को बारिश की कामना को लेकर बाजार बंद रख कालका माता मंदिर में सामूहिक भोग लगाया। वहीं जिले के बड़लियास कस्बे के लोगों ने बाजार बंद रख सगसजी के मंदिर व चंवरा के हनुमान मंदिर में सामूहिक अरदास की।
प्रतिष्ठान रखे बंद
गुरलां गांव के ग्रामीणों ने रविवार को गांव व अपने अपने प्रतिष्ठान बन्द रखकर ढोल नगाड़ों, संघ गीत व भजन कीर्तन करते हुए माली मोहल्ला के पास मंगरे पर स्थित माता कालका रानी के मंदिर पहुंच और तथा भोग लगाकर क्षेत्र में अच्छी बारिश व अमन चैन की कामना की। गुरलां के बद्री लाल माली, नारायण लाल माली, इंद्रमल माली, शंकर लाल माली, गोपाल माली, गौतम दाधीच ने बताया कि शनिवार शाम 7 बजे बाद गांव के सहकारी समिति चौक में गांवाई बैठक आयोजित कर बरसात की कामना के लिए बाजार बंद रख माता के मंदिर जाकर भोग लगाने का निर्णय लिया गया। इसके बाद ग्रामीणों की सामूहिक स्वीकृति होने के पश्चात बाजार बंद रखने एवं माता के मंदिर पहुंचने का माइक से पूरे गांव में अनाउंस करवाया गया। इसी के चलते रविवार को अल सुबह से ही सम्पूर्ण कस्बा व प्रतिष्ठान बन्द रखे गए।
ढोल नगाड़ों के साथ पहुंचे मंदिर
ढोल नगाड़ों के साथ गांव की महिलाएं गीत गाकर तो पुरुष भजन कीर्तन करते हुए मंगरे पर स्थित कालका माता रानी के मंदिर पहुंचे। यहां गांव का सामूहिक रूप से काषा भोग बनाया गया व माता रानी के भोग लगाकर क्षेत्र में अच्छी बरसात की व अमन चैन की मंगल कामनाएं की गईं।
मेले जैस रहा माहौल
इसको लेकर रविवार को गुरलां की कालका माता रानी के मंदिर में दिनभर ग्रामीणों की रेलमपेल रही और मेले जैसा माहौल बना रहा। बडलियास कस्बे में बरसात की कमी के चलते फसलें सूखने के कगार पर होने से चिन्तित ग्राम वासियों ने रविवार को कस्बा पूर्णतया बंद रखा। बाजार में एकत्रित होकर ढोल नगाड़ों के साथ धार्मिक स्थल सगसजी के यहां गए। जहां बरसात की कामना लिए बच्चे बुजुर्ग व महिलाओं ने मन्नत मांगी। कस्बे में दुकानें सुबह से ही बंद रहीं।
Published on:
19 Aug 2018 05:06 pm
