
भीलवाड़ा।
विधानसभा चुनाव को देखते हुए बरती जा रही सतर्कता के तहत चुनाव में लगी फ्लाइंग टीम को गुरुवार सुबह बड़ी कामयाबी हाथ लगी। अधिकारियों ने पुर रोड पर तलाशी के दौरान ट्रॉवेल्स बस में गुजरात से लाया जा रहा हथियारों का जखीरा पकड़ा। इनमें बड़ी मात्रा में तलवार, गुप्ती, कटार और चाकू बरामद किया। इस मामले में प्रतापनगर थाना पुलिस ने बस स्टॉफ समेत चार जनों को गिरफ्तार कर लिया। यह लोग गांधीधाम से हथियार लेकर आए थे और पार्सल को भीलवाड़ा उतारना था।
पुलिस ने आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस उपाधीक्षक (शहर) भंवर रणधीरसिंह ने बताया कि भीलवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के फ्लाइंग टीम प्रभारी एवं माण्डल क्षेत्र के गोरधनपुरा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य रूपेश कुमार कलावत चुनाव को देखते हुए बाहर से आ रही बसों की पुर रोड पर परिवहन विभाग के कार्यालय के बाहर जांच कर रहे थे। इस दौरान गुजरात के गांधीधाम से आई जाखड़ ट्रॉवेल्स कम्पनी की बस को रोका गया।
तलाशी के दौरान बस की डिक्की में हथियारों के जखीरे का पार्सल देखकर हतप्रभ रह गए। सूचना पर प्रतापनगर थानाधिकारी रोहिताश देवंदा मौके पर पहुंचे और बस को थाने लाया गया। तलाशी में बस में 143 तलवार, 57 कटार, 40 गुप्ती और 57 चाकू बरामद किए। बस के चालक चौपासनी चारणान (जोधपुर) निवासी विक्रमसिंह चारण, खलासी बीकोडाई (जैसलमेर) निवासी देवीसिंह भाटी व नोखा (जैतारण) निवासी दीपक चारण को गिरफ्तार किया।