
कथावाचक पं प्रदीप मिश्रा (फोटो-पत्रिका)
भीलवाड़ा। जिले में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा के छठे दिन कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने अपने संबोधन में युवतियों को जीवन के प्रति सजग रहने और सोच-समझकर निर्णय लेने की सीख दी। उन्होंने विशेष रूप से अविवाहित बेटियों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे अपने माता-पिता की इच्छा और सहमति से ही विवाह करें तथा उन्हें कन्यादान का अवसर अवश्य दें।
कथा के दौरान उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बातों या क्षणिक आकर्षण के कारण जीवन के महत्वपूर्ण फैसले नहीं लेने चाहिए। उन्होंने युवाओं को सावधान करते हुए कहा कि बाहरी दिखावे, लालच या किसी के झांसे में आकर अपने भविष्य को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहिए। उन्होंने मेवाड़ की बेटियों का उदाहरण देते हुए कहा कि यह वही भूमि है, जहां की महिलाओं ने कठिन परिस्थितियों में भी साहस और स्वाभिमान का परिचय दिया है। इसलिए आज की पीढ़ी को भी अपने संस्कार और परिवार के मूल्यों को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ना चाहिए।
सात दिवसीय कथा का समापन मंगलवार को होना है। छठे दिन कथा स्थल पर एक महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन भी हुआ, जिसमें संकट मोचन मंदिर के महंत बाबू गिरी का महामंडलेश्वर के रूप में पट्टाभिषेक किया गया। इस अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों से आए कई संत-महात्मा मौजूद रहे और धार्मिक विधि-विधान के साथ यह कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न सामाजिक संगठनों और सेवाभावी लोगों की ओर से निशुल्क भंडारे और पेयजल की व्यवस्था की गई है। यहां पानी, छाछ, आइसक्रीम, खिचड़ी, साबूदाना और फल आदि का वितरण किया जा रहा है, जिससे दूर-दराज से आए लोगों को राहत मिल रही है।
आयोजन से जुड़े लोगों ने बताया कि श्रद्धालुओं की सेवा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। मित्र मंडली की ओर से हजारों किलो केले वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं इनरव्हील क्लब सहित अन्य संगठनों ने भी पानी, छाछ और अन्य आवश्यक वस्तुएं वितरित कर सहयोग किया। पूरे आयोजन में व्यवस्था और सेवा कार्यों को सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
Published on:
13 Apr 2026 09:43 pm
बड़ी खबरें
View Allभीलवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
