6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सर्द मौसम में आइसक्रीम, किसे हजम होगी या नहीं, यह तासीर पर निर्भर

-सहाड़ा विधानसभा चुनाव का मौसम सर्द, अन्तर्मन में दबी है गरमाहट की तासीर-खुलकर पत्ते नहीं खोल रहे लोग, माहौल पर है पूरी नजर

3 min read
Google source verification
सर्द मौसम में आइसक्रीम, किसे हजम होगी या नहीं, यह तासीर पर निर्भर

सर्द मौसम में आइसक्रीम, किसे हजम होगी या नहीं, यह तासीर पर निर्भर

कानाराम मुण्डियार

मेवाड़ की धरा के रण में भीलवाड़ा जिले में सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र का चुनाव इस बार भी रोचक होने वाला है। चुनाव की हवा का रूख जानने के लिए मैं सहाड़ा पहुंचा तो कुछ जगह लोगों ने खुलकर राय बताई तो कुछ जगह लोग बोलने से बचते रहे। चुनाव में कांग्रेस ने इस बार विधायक गायत्रीदेवी का टिकट काटकर उनके परिवार से ही देवर राजेन्द्र त्रिवेदी को टिकट दिया है। वहीं भाजपा ने लादूलाल पितलिया को चुनाव में उतारा है। तीसरे मोर्च के रूप में रालोपा के बद्रीलाल जाट भी किस्मत आजमा रहे हैं। चुनाव में जातिगत धु्रवीकरण की संभावना भी है। अधिकतर साइलेंट वोटर चुनावी माहौल पर नजर बनाए हुए हैं और अभी तक अपने रूख का निर्णय नहीं कर पाए हैं। मतदान के दो-तीन पहले ही स्थिति साफ हो सकती है। क्षेत्र में आइसक्रीम का काम बड़े स्तर पर चल रहा है। यहां के हजारों युवा अन्य राज्यों में जाकर आइसक्रीम कारोबार के जरिए जीवन-यापन कर रहे हैं। प्रवासी युवाओंं को मतदान के दिन अपने गांव बुलाने के लिए प्रयास भी किए जा रहे हैं।

विधानसभा क्षेत्र की तासीर समझनी है परतो पहले यहां की आइसक्रीम खानी चाहिए या फिर बादाम शेक पीना होगा। जिस तरह आइसक्रीम व बादाम शेक खाने व पीने मुंह में ठण्डक आ जाती है। लेकिन थोड़ी देर बाद वह ठण्डक गरम तासीर के रूप में काम करने लगती है। सहाड़ा विधानसभा के गंगापुर, रायपुर, कोशिथल सहित गांवों में अधिकतर मतदाता भी आइसक्रीम की तरह दिख रहे हैं। यहां के लोगों को पिघलना व बर्फ की तरह जमना भी आता है। इनके वोट की ताकत रूपी तासीर किसे फायदा करेगी या किसे नुकसान, यह मतदान के बाद ही साफ होगा।

कस्बे ही नहीं अब तो गांव-ढाणियों के अधिकतर मतदाता चुनाव पर खुलकर जवाब नहीं दे रहे हैं। रायपुर-मोटरों का खेड़ा के रास्ते पर भेड़ों को चराकर शाम को घर लौट रहे पशुपालक बादर ने कहा कि वोट तो देंगे, लेकिन नगर रे लारे रैणो पड़ी, नगर कैई जनै ही वोट देवां। यानि बादर का कहना रहा कि पूरे गांव की हवा के साथ वो भी मतदान करेंगे। मोटरों का खेड़ा में जगूजी बोले, नेता लोग वोट लेने के टेम ही आवे। गरीब लोगों री चिन्ता किन्हें ही नी है। ढेलना पंचायत के लूण के खेड़ा में गांव में रोशनलाल बंजारा ने बताया कि बस्ती ने तय कर लिया है, बस्ती को मीठा पानी पिलाने एवं सड़क से जोडऩे वाले को वोट देंगे। सहाड़ा बस स्टैण्ड पर इस्माइल व अन्य लोग बोले, सरकार की योजनाएं अच्छी है, लोगों को राहत मिली। रायपुर बस स्टैण्ड पर जगदीशचन्द्र ने कहा कि मुद्दा सरकार के कामकाज या योजनाओं का नहीं, यहां एक ही हिन्दुत्व का मुद्दा हावी है। गंगापुर में राहुल सोलंकी बोले, चुनाव में जातिवाद व क्षेत्रवाद ज्यादा हावी हो रहा है।

काफिलों के साथ गांव-गांव दस्तक-
प्रत्याशी गांव-गांव गली-गली घूम रहे हैं। उनके साथ 8 से 10 वाहनों का काफिला घूम रहा है। प्रचार के साथ झंडियां व पेम्पलेट बांटें जा रहे हैं। कुछ घरों के बाहर झंडे व बैनर लगाए गए हैं। लोगों को हाथों में वादे-दावों के पेम्पलेट दिए जा रहे हैं। प्रत्याशियों को तोलेन के बाद गुड़ व फल भी बांटें जा रहे हैं। कुछ गलियों में बच्चे झंडियों व पेम्पलेट से खेलते हुए भी दिखाई दिए।
क्षेत्र के तीन बड़े मुद्दे-
-क्षेत्र में आइसक्रीम व लॉरी उद्योग को सरकारी संरक्षण प्राप्त हो। रोजगार के साधन बढ़े, ताकि युवाओं को अन्य राज्यों तक पलायन के लिए मजबूर ना होना पड़़े।
-गांवों को चम्बल का पानी पहुंचेे, जिससे पेयजल संकट का समाधान हो।
-हर गांव तक डामर सड़क हो और जिला मुख्यालय तक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था माकूल हो।

प्रत्याशियों के वादे-
-हर गांव तक डामर सड़क व पेयजल की व्यवस्था कराएंगे।
-स्थानीय स्तर पर आइसक्रीम उद्योग की यूनिट स्थापित कराएंगे, ताकि रोजगार के लिए युवा पलायन नहीं करे।
-इस बार मुझे मौका दें, मैं आपके हर सुख दुख में हाजिर रहूंगा।
अब तक जीते दल-
- आजादी के बाद अब तक हुए 15 बार के चुनावों में सहाड़ा से 10 बार कांग्रेस, 2 बार भाजपा व एक-एक बार जनता दल, जनता पार्टी व एचएमएस ने जीत दर्ज की थी।


सहाड़ा विधानसभा : फैक्ट
कुल बूथ - 270
कुल मतदाता - 253347
पुरुष - 127294
महिला - 126053
चुनाव मैदान में प्रत्याशी-7