
राजस्व मंत्री के रिश्तेदार को रॉयल्टी वसूलने का फिर दिया मौका
भीलवाड़ा. राजस्व मंत्री रामलाल जाट के रिश्तेदार रॉयल्टी ठेकेदार पर खनन विभाग की मेहर बरस रही है। विभाग ने ठेकेदार राहुल चौधरी का चुनाई पत्थर की रॉयल्टी वसूलने का ठेका 9 दिन बढ़ा दिया है। भीलवाड़ा तहसील में चुनाई पत्थर का रॉयल्टी का नया ठेका 12 अप्रेल यानि बुधवार को होना तय था, लेकिन विभाग ने अचानक इसकी तिथि बढाकर 21 अप्रेल कर दी।
खान विभाग के अनुसार भीलवाड़ा क्षेत्र में चुनाई पत्थर समेत अन्य मिनरल की रॉयल्टी ठेका राजस्व मंत्री रामलाल के रिश्तेदार राहुल चौधरी के नाम है। इसकी ठेका राशि 4.50 करोड़ रुपए थी। ठेका 31 मार्च 2023 को समाप्त होना था। लेकिन विभाग ने ठेका पहले ही 10 प्रतिशत रॉयल्टी राशि बढ़ाकर तीन माह के लिए बढ़ा दिया था। यह ठेका 4 करोड़ 94 लाख 43 हजार में दिया गया। इसी राशि को आधार मान विभाग ने रॉयल्टी वसूली के लिए नीलामी 12 अप्रेल को रखी लेकिन बुधवार को ऑनलाइन नीलामी नहीं हो सकी। ऐसे में चौधरी अब 9 दिन रॉयल्टी और वसूल सकेेंगे।
खनिज व्यवसाय से जुड़े लोगों का कहना है कि विभाग को असल में नीलामी ही करनी थो तो एक माह पहले ही प्रक्रिया शुरू कर देते। आरोप है कि खनन अधिकारी ठेकेदार चौधरी को उपकृत करने के लिए केवल समय आगे बढ़ा रहे हैं। गौरतलब है कि राजस्थान पत्रिका ने 4 अप्रेल के अंक में 10 वैध की आड़ में चल रही 100 से अधिक अवैध खदान शीर्षक से समाचार प्रमुखता से प्रकाशित कर राजस्व मंत्री के रिश्तेदार राहुल की ओर से अवैध खनन की रॉयल्टी वसूली उजागर की थी।
इनका कहना है-
कुछ कारण से नीलामी की अवधि 21 अप्रेल तक बढ़ाई है। तिथि बढ़ाने की जानकारी खान विभाग के पोर्टल पर डाल दी है।
-जे.के. गुरुबक्षाणी, अतिरिक्त निदेशक खान विभाग, उदयपुर
Published on:
13 Apr 2023 08:41 am
