5 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan Politics: ‘मेरा लक्ष्य राजस्थान में सत्ता वापसी,’ आगामी चुनावों पर बोले सचिन पायलट, मदन राठौड़ को दिया जवाब

Rajasthan Politics: कांग्रेस के कद्दावर नेता सचिन पायलट ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उनका फोकस राजस्थान में कांग्रेस की सत्ता वापसी है। इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ की तरफ से की जा रही टिप्पणियों का जवाब दिया।

2 min read
Google source verification
Sachin Pilot

भीलवाड़ा में बोलते सचिन पायलट (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)

भीलवाड़ा। प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने भरोसा जताया कि पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु, असम और केंद्र शासित प्रदेश पुद्दुचेरी में कांग्रेस और उसके सहयोगी दल बेहतर प्रदर्शन करते हुए सरकार बनाएंगे। सोमवार को आने वाले चुनाव परिणामों से पहले उन्होंने कहा कि जनता बदलाव के पक्ष में है और कांग्रेस को समर्थन मिलेगा।

पायलट रविवार को भीलवाड़ा जिले के आसींद क्षेत्र स्थित बैकुंठ धाम बरनाघर में आयोजित सात दिवसीय 51 कुंडीय विष्णु महायज्ञ और भगवान देवनारायण की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विधिवत आहुति देकर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की और धर्मसभा को संबोधित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मंच राजनीति के लिए नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और एकता का संदेश देने के लिए है।

कांग्रेस की वापसी मुख्य लक्ष्य

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ की तरफ से की जा रही टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए पायलट ने कहा कि वे इस तरह के बयानों को गंभीरता से नहीं लेते। उनका ध्यान संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर आगे बढ़ने पर है। उन्होंने यह भी कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य आगामी विधानसभा चुनावों में राजस्थान में कांग्रेस की वापसी सुनिश्चित करना है।

युवाओं को किया संबोधित

धर्मसभा में उन्होंने जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा कि जीत-हार से ऊपर उठकर जनता के बीच रहकर काम करना चाहिए। सभी वर्गों को साथ लेकर चलना ही सच्चे जनसेवक की पहचान है। युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने शिक्षा और सही दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और कहा कि बदलते समय के अनुसार कार्यशैली में बदलाव जरूरी है।

किसानों की स्थिति पर जताई चिंता

किसानों की स्थिति पर चिंता जताते हुए पायलट ने कहा कि अन्नदाता की समस्याओं को समझना और उनका समाधान करना बेहद जरूरी है। इससे पहले बाजुंदा से 2100 कलशों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसने पूरे क्षेत्र को धार्मिक माहौल से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम में महंत सुरेशदास, कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर, पूर्व मंत्री रामलाल जाट, सांसद मुरारी लाल मीणा सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नेता उपस्थित रहे।