
,,
भिंड. चोरी के बाद चोर का कबूलनामा...जी हां बात सुनने में फिल्मी लगती है लेकिन ये सच है। ऐसा ही एक मामला भिंड शहर में सामने आया है जहां एक घर में चोरी करने के बाद चोर फिल्मी अंदाज में एक चिट्ठी छोड़ गया है जिसमें उसने माफी मांगते हुए पैसे आने पर घर में पैसे फेंकने की बात भी लिखी है। एसएएफ जवान के घर में हुई चोरी की इस घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर चोर की तलाश शुरु कर दी है।
एसएएफ जवान के घर चोरी
शहर के भीमनगर में रहने वाली रीमा मौर्य ने पुलिस में अपने घर में हुई चोरी की वारदात की शिकायत दर्ज कराई है। रीमा ने बताया कि उसके पति छत्तीसगढ़ में एसएएफ में नौकरी करते हैं और वो बच्चों के साथ भिंड में अकेली रहती है। 30 जून को वो बच्चों के साथ अपने मायके जो कि मुरैना के पोरसा में है वहां गई थी। 5 जुलाई को मायके से घर वापस लौटी तो देखा कि घर के ताले टूटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि उसके घर से सोने की दो अंगूठी, एक बेसर, बेंदा, कानों के बाला, एक पेंडल और चांदी की तीन जोड़ी पायलें, करधनी, बच्चों के कड़े समेत अन्य सभी जेवरात चोरी हो गए हैं।
चोरी के बाद चोर छोड़ गया माफीनामा
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस जब घर में मामले की जांच करने के लिए पहुंची तो पुलिस को घर से चोर का एक माफीनामा भी मिला है। जिसमें चोर ने लिखा है कि जय हिंद जय भारत....सॉरी दोस्त, मजबूरी थी, अगर मैं ये नहीं करता तो मेरे दोस्त की जान चली जाती..टेंशन मत लेना मेरा पास जब भी पैसे आएंगे तो मैं तुम्हारे घर पैसे फेंक जाऊंगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोर की तलाश शुरु कर दी है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर भर चोर का सुराग ढूंढने की कोशिश की जा रही है।
देखें वीडियो- रास्ता रोककर मांगी रंगदारी, न देने पर सरेराह जमकर पीटा
Published on:
06 Jul 2021 04:48 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
