
कान्हा जन्म की खुशी में झूम उठी उद्योग नगरी
भिवाड़ी. कान्हा के जन्म की खुशी में औद्योगिक नगरी झूमती नजर आई। आवासीय सोसायटी और सेक्टर में कान्हा के जन्म का उत्सव मनाया गया। अजन्मे के जन्म की खुशी में सभी हर्षित, प्रफुल्लित, नाचते-गाते नजर आए। इस मौके पर आवासीय सोसायटी में विशेष आयोजन किए गए। सोसायटी में सजावट एवं नृत्य संगीत हुए। छोटे बच्चे कान्हा और मां यशोदा नजर आई। शाम होते ही भिवाड़ी की धरा कृष्णमयी नजर आई। चारों ओर कान्हा के जन्म से पूर्व की खुशी नजर आई। बधाई गीत गाए जाने लगे। ढोलक, मंजीरों की धुन पर कीर्तन हुए। कृष्ण के बाल स्वरूप और मां यशोदा को लेकर विभिन्न प्रतियोगिताएं हुई। नटखट बाल स्वरूप की छवियों ने सभी के मन को आनंदित किया। आशियाना आंगन सोसायटी में इस मौके पर बाल झांकी शोभायात्रा, सांस्कृतिक प्रोग्राम, भजन संध्या, कृष्ण भगवान के दर्शन, भोग और प्रसाद वितरण हुआ। एवलोन गार्डन में बच्चों को बाल स्वरूप में सजाकर उनकी झांकी निकाली गई। हिल व्यू गार्डन सोसायटी में भी सभी निवासियों ने मिलकर कृष्ण जन्मोत्सव मनाया। कजारिया ग्रीन सोसायटी में बच्चों के लिए नृत्य प्रतियोगिता कराई गई। आशियाना बगीचा में भी नंदगोपाल के जन्म की खुशी में आयोजन हुए। कोणार्क ओसिस सोसायटी में भी दही हांडी फोडऩे सहित सोसायटी की महिला एवं बच्चियों ने विभिन्न प्रस्तुति दी। मंदिर में भजन कीर्तन हुए। कृष वाटिका सोसायटी में बच्चियों की नृत्य प्रतियोगिता और कीर्तन हुआ। एवलोन रेजीडेंसी सोसायटी में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन हो रहा है जिसमें कृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। कॉसमॉस सोसायटी में कई आयोजन हुए। कैपिटल ग्रीन सोसायटी में भी बच्चों की प्रतियोगिता और प्रसाद वितरण हुआ। इसके साथ ही यूआईटी सेक्टर, आवासन मंडल सेक्टर और मंदिरों में कान्हा के जन्म की खुशी मनाई गई। घरों में कन्हैया के दरबार सजाए गए। महिला श्रद्धालुओं ने व्रत उपवास के साथ भजन कीर्तन कर कान्हा का गुणगान किया।
Published on:
08 Sept 2023 07:52 pm
