9 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मध्य प्रदेश में दो सिस्टम एक्टिव, 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 24 घंटे बाद पड़ेगी भीषण गर्मी

Storm And Rain Alert : प्रदेश के बड़े क्षेत्र से दो ट्रफ गुजर रही हैं। ऊपरी हिस्से में साइक्लोनिक सकुर्लेशन भी एक्टिव है, जिसके चलते आज 13 जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जबकि, कल से गर्मी का दौर शुरु होने की संभावना है।

2 min read
Google source verification
Storm And Rain Alert

एमपी के 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट (Photo Source- Patrika)

Storm And Rain Alert : मध्य प्रदेश में इन दिनों मौसम के दो रंग दिख रहे हैं। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में गरज-चमक के साथ बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का दौर है तो वहीं दूसरी तरफ प्रदेश का पश्चिमी हिस्सा भीषण गर्मी की चपेट में हैं। फिलहाल, प्रदेश के बड़े क्षेत्र से दो ट्रफ गुजर रही हैं। साथ ही, ऊपरी हिस्से में साइक्लोनिक सकुर्लेशन भी एक्टिव है, जिसके चलते आधे राज्य में आंधी-बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज 13 जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि, अगले 24 घंटे बाद प्रदेश का मौसम पूरी तरह शुष्क होने के कारण एक बार फिर पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर शुरु होने की जानकारी है।

राजधानी भोपाल स्थित राज्य मौसम विभाग ने शनिवार को सूबे के नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, सीधी और सिंगरौली यानी कुल 13 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इन्ही में से कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है।

इन जिलों में आंधी बारिश दर्ज

इससे पहले शुक्रवार को कहीं तेज गर्मी तो कहीं आंधी-बारिश का दौर देखने को मिला। सिवनी, छिंदवाड़ा, रायसेन, सागर, दमोह, बालाघाट, भोपाल, देवास, खरगोन, राजगढ़, विदिशा, टीकमगढ़, अशोकनगर, शिवपुरी, बैतूल, नरसिंहपुर, मंडला, पांढुर्णा, डिंडौरी, अनूपपुर में कहीं तेज आंधी तो कहीं हल्की बारिश हुई।

इन जिलों में तेज ग्रमी का असर

वहीं, दिन में कई जिलों में गर्मी का असर देखा गया। इस वजह से रतलाम में पारा 43.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। शाजापुर में 42.6 डिग्री रहा। वहीं, पांच बड़े शहरों में उज्जैन में पारा 42.4 डिग्री, इंदौर-भोपाल में 41.2 डिग्री, जबलपुर में 38.8 डिग्री और ग्वालियर में 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

3 से 4 डिग्री तक तापमान में बढ़ोतरी का अनुमान

मौसम विभाग ने शनिवार को भी आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है, लेकिन इसके बाद दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी। रविवार को मौसम शुष्क होने के कारण प्रदेश के लगभग सभी इलाकों में अदिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है।

मौसम विभाग की सावधानी बरतने की सलाह

मौसम विभाग ने बिजली चमकने और आंधी के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। खासकर पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने को कहा गया। मौसम में बदलाव होने पर खुले - मैदानी क्षेत्र छोड़कर किसी पक्के मकान में शरण लेने की हिदायत दी गई है। बेमौसम हो रही इस बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचने की भी आशंका जताई जा रही है।