
ambedkar jayanti 2026 three day celebration
bhopal news: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर की जयंती इस वर्ष भी उत्साह के साथ मनाई जाएगी। तुलसी नगर के नागसेन सभागृह में डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर संयुक्त जयंती समारोह समिति की बैठक हुई। इस बैठक में सर्वसम्मति से ये निर्णय लिया गया है कि इस बार अंबडेकर जयंती समारोह एक दिन नहीं, बल्कि लगातार तीन दिनों (12 से 14 अप्रैल) तक मनाया जाएगा।
कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए समिति के अध्यक्ष रामू गजभिये ने बताया कि समारोह का उद्घाटन 12 अप्रैल को रात्रि 8 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र के विधायक भगवानदास सबनानी उपस्थित रहेंगे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. चंद्रबोधि पाटिल, ई. धम्मरतन सोमकुंवर, डॉ. मोहनलाल पाटिल और बी.टी. गजभिये शामिल होंगे, जो बाबासाहेब के विचारों पर प्रकाश डालेंगे। उद्घाटन की रात सांस्कृतिक छटा बिखेरने के लिए महाराष्ट्र के नागपुर से स्वराज दीदी तामगाडगे और अकोला के देवानंद जगताप के बीच बुद्ध-भीम गीतों पर आधारित कव्वाली का जंगी मुकाबला होगा।
जयंती का दूसरा दिन, 13 अप्रैल महिला शक्ति को समर्पित रहेगा। इस दिन मुख्य अतिथि के रूप में महापौर मालती राय शिरकत करेंगी। उनके साथ पार्षद बृजला सचान, पूर्व पार्षद वंदना गजभिये और कल्पना पाटिल डॉ. अंबेडकर के जीवन दर्शन पर उद्बोधन देंगी। शाम को बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इस दिन का मुख्य आकर्षण रात्रि 11 बजे निकलने वाला कैंडल मार्च होगा। रैली अंबेडकर जयंती मैदान से शुरू होकर बोर्ड ऑफिस चौराहा स्थित प्रतिमा स्थल पहुंचेगी, जहां रात्रि 12 बजे माल्यार्पण कर 'मान वंदना' के साथ बाबासाहेब का जन्मदिवस मनाया जाएगा।
जयंती के मुख्य दिन, 14 अप्रैल को रात्रि 8 बजे सामूहिक बुद्ध वंदना का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान सिद्धार्थ मोरे, कैलाश मानकर, महेश जोशी, दिलीप मक्के, मनोज माणिक और दलित बन्सोड जैसे वरिष्ठ समाजसेवी व नेता उपस्थित रहेंगे। समारोह के समापन अवसर पर भोपाल के प्रसिद्ध 'गुड्डु शेलके ग्रुप' द्वारा संचालित कला संगम आर्केस्ट्रा के माध्यम से बुद्ध-भीम के गीतों की संगीतमय प्रस्तुति दी जाएगी। समिति ने शहर के सभी नागरिकों और अनुयायियों से इन तीनों दिनों के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है ताकि बाबासाहेब के शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
Published on:
27 Mar 2026 08:48 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
