25 दिसंबर 2025,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मोदी की हत्या वाले बयान पर कांग्रेस नेता को जेल भेजा, सुबह ही किया था गिरफ्तार

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने दिया पटेरिया को शोकॉज नोटिस...।

3 min read
Google source verification

भोपाल

image

Manish Geete

Dec 13, 2022

pm.png

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हत्या करने वाला बयान देने के बाद पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता राजा पटेरिया की मुश्किल बढ़ गई है। मंगलवार सुबह दमोह से उन्हें गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया, जहां उनके जमानत आवेदन को खारिज कर दिया। इसके बाद उन्हें कोर्ट ने 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

सुबह किया था गिरफ्तार

पीएम मोदी की हत्या करने वाला विवादित बयान देने वाले कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री राजा पटेरिया को मंगलवार सुबह 5 बजे ही गिरफ्तार किया गया है। राजा पटेरिया को पन्ना पुलिस ने दमोह से गिरफ्तार किया है। एक दिन पहले सोमवार को गृहमंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा ने राजा पटेरिया के खिलाफ तत्काल एफआईआर के निर्देश दिए थे। उनके खिलाफ दो एफआईआर दर्ज हुई थीं। उन पर धारा 115 और 117 भी बढ़ाई गई है।

क्या कहा था राजा पटेरिया ने

कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री राजा पटेरिया का एक वीडियो सोमवार की सुबह सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वायरल वीडियो में राजा पटेरिया यह कहते नजर आ रहे थे कि मोदी चुनाव खत्म कर देगा, वो धर्म, जाति, भाषा के आधार पर बांट देगा। दलितों का, वनवासियों का और अल्पसंख्यकों का भावी जीवन खतरे में है। संविधान यदि बचाना है तो मोदी की हत्या करने पर तत्पर रहो। जिस पर बवाल मच गया था। हालांकि बाद में राजा पटेरिया ने अपने बयान पर सफाई देते हुए वीडियो भी जारी कर कहा था कि मोदी की हत्या का मतलब मोदी को हराने के लिए तैयार रहो। मैं मोदी को चुनाव में हराने की बात कर रहा था। हत्या की बात नहीं की थी। मेरे बयान का गलत मतलब निकाला गया।

यह भी पढ़ेंः पीएम मोदी की हत्या की बात कहने वाले कांग्रेस नेता राजा पटेरिया गिरफ्तार

कमलनाथ का बयान

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ का बयान आया है। कमलनाथ ने कहा है कि इस प्रकार के बयान की मैं कड़ी निंदा करता हूं, कांग्रेस का रास्ता महात्मा गांधी का रास्ता है। मामला कोर्ट में है, कोर्ट जो निर्णय लेगी, वह सभी को मानना होगा। हमने शो कॉज नोटिस दिया है। ये नोटिस बहुत पहले ही दे दिया था।

नेता प्रतिपक्ष बोले- मैं पटेरिया के साथ

इधर, नेता प्रतिपक्ष डा. गोविंद सिंह का बयान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ से बिल्कुल अलग आया है। डा. गोविंद सिंह ने पटेरिया का बचाव करते हुए कहा है कि उनके द्वारा हत्या का मतलब है चुनाव हराना। चुनाव हराने वाली बात उसी समय स्पष्ट कर दी थी। इसके बाद भी खेद व्यक्त किया था। कभी पटेरिया की मंशा इस तरह की नहीं रही है। वो अंहिसा के पुजारी हैं। हिंसा के विरोधी हैं, वे पशु हिंसा का विरोध करते रहे हैं। डा. गोविंद सिंह ने कहा कि राजा पटैरिया ने गलत नहीं कहा, उनके कहने का मतलब मोदी को चुनाव हराना था। डॉ गोविंद सिंह ने कहा मैं पूरी ताकत के साथ राजा पटैरिया के साथ खड़ा हूं। सरकार की दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई की निंदा करता हूं। तानाशाही तरीके से गिरफ्तारी की गई है। अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ना गोविंद सिंह का काम है।

सीएम शिवराज ने बताया था विद्वेष की पराकाष्ठा

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (shivraj singh chauhan) ने सोमवार को राजा पटेरिया के विवादित बयान को लेकर वीडियो जारी कर इस मामले में प्रतिक्रिया व्यक्त की थी। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा था कि मैदान में उनसे (पीएम मोदी) से कोई मुकाबला नहीं कर पाते हैं कांग्रेस के लोग। इसलिए कांग्रेस के एक नेता मोदीजी की हत्या की बात कर रहे हैं। यह विद्वेष की पराकाष्ठा है। यह घृणा की अति है। कांग्रेस के असली भाव प्रकट हो रहे हैं। लेकिन, ऐसी चीजों को सहन नहीं किया जाएगा। FIR की जा रही है और कानून अपना काम करेगा।

यह भी पढ़ेंः

मोदी की हत्या वाले बयान पर बवालः शिवराज बोले- कांग्रेस की असलियत सामने आ रही है