
मध्यप्रदेश में 16 दिन रहेगी भारत जोड़ो यात्रा, राहुल गांधी भी होंगे शामिल
भोपाल। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा 7 सितम्बर को कन्याकुमारी से शुरू की जा रही भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) मध्यप्रदेश में 25 नवम्बर को बुरहानपुर से प्रवेश करेगी। यह यात्रा प्रदेश में 16 दिन रहेगी। यात्रा के दौरान उज्जैन में बड़ी सभा होगी। यह जानकारी भारत जोड़ो यात्रा की मध्यप्रदेश प्रभारी रागिनी नायक ने प्रेस कांफ्रेंस में दी। इस मौके पर यात्रा के मध्यप्रदेश समन्वयक पीसी शर्मा भी मौजूद रहे।
यात्रा की प्रभारी रागिनी ने बताया कि यात्रा में आर्थिक असमानता, सामाजिक विभाजन सहित अन्य मुद्दों पर जनता से सीधा संवाद होगा। कमर तोड़ महंगाई को नियंत्रित करने में पूरी तरह से असफल रही सरकार के खिलाफ भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा 4 सितंबर को दिल्ली में 'महंगाई पर हल्ला बोलÓ रैली की गई थी। सात सितंबर को शुरू हो रही 'भारत जोड़ो यात्रा' के साथ हम इस दिशा में अगला कदम उठाने जा रहे हैं। इस यात्रा में भारत के सामने मौजूद गंभीर विषयों पर देशवासियों के साथ सीधा संवाद किया जाएगा। हम 150 दिनों में कन्याकुमारी से कश्मीर तक 3500 किमी. का रास्ता तय करेंगे और देश भर में लाखों लोगों के साथ बातचीत करेंगे। यात्रा के मध्यप्रदेश समन्वयक पीसी शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में यात्रा के लिए जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर तक समन्वयक बनाए गए हैं। सब यात्राएं भी होंगी, ये यात्राएं मुख्य यात्रा में शामिल होंगीं।
संसद सत्र या अन्य कार्यक्रम के लिए अल्पविराम भी संभव
रागिनी ने बताया कि राहुल गांधी यात्रा में पदयात्रियों के साथ वैसे तो अधिकांश समय रहेंगे लेकिन संसद सत्र या आगामी विधानसभा चुनाव के संबंध में कुछ राज्यों के प्रवास के लिए अल्पविराम ले सकते हैं। हालांकि, यह परिस्थितियों के हिसाब से उसी समय तय होगा। एक अन्य सवाल पर उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार यदि सुरक्षा प्रबंध नहीं करती है तो हमारे सेवा दल के कार्यकर्ता हैं।
Published on:
05 Sept 2022 10:59 pm
