
सपाक्स शिवराज के खिलाफ इन्हें बनाएगी उम्मीदवार! सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा
भोपाल। मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर दोनों मुख्य पार्टियों के लिए हर रोज कोई नई परेशानी सामने आ खड़ी हो रही है। एक ओर जहां दोनों पार्टियां कांग्रेस व भाजपा अपनी अपनी लगातार रणनीति में बदलाव लाकर दूसरी पार्टी को चौंकाने का काम कर रहे हैं।
वहीं कांग्रेस का गठबंधन फॉर्मूला बसपा के पास अटकने और भाजपा के सामने चुनाव में नई पार्टियों के आने से चिंता बढ़ती जा रही है। इन्हीं सब के चलते विधानसभा चुनाव से पहले मप्र में सियासी पारा बढ़ने लगी है।
हमारा संगठन आज से राजनीतिक संगठन...
दरअसल भाजपा, कांग्रेस और तीसरे मोर्चे के अलावा बड़े संगठन भी चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। सपाक्स ने रविवार को प्रांतीय महाधिवेशन में एलान किया है कि वह अपने प्रत्याशी सभी सीटों पर उतारेंगे।
सपाक्स के सामान्य, ओबीसी व अल्पसंख्यक वर्ग के सामाजिक विंग संरक्षक हीरालाल त्रिवेदी ने कहा है कि हमारा संगठन आज से राजनीतिक संगठन हो गया है और हम इस चुनाव में हर ऐसे संगठन से तालमेल करेंगे जो हमारी विचारधारा और उद्देश्यों से सहमत होंगे।
हमारे समाज के जनप्रतिनिधि डरपोक...
यहां उन्होंने कहा कि जहां आरक्षित समाज के सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि अपने समाज के हितों के लिए किसी भी हद तक जाते है, वहीं हमारे समाज के जनप्रतिनिधि डरपोक बने हुए है। ऐसे जनप्रतिनिधियों को सबक सिखाकर जगाने की भी जरूरत है। इसके लिए सड़क पर उतरकर आंदोलन करना होगा। त्रिवेदी ने यह भी कहा कि वर्ष 2030 तक आरक्षण मुक्त भारत बनेगा। इसकी नींव हमने आज रख दी है।
वहीं लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधि श्यामसुंदर यादव ने कहा कि उनका दल कमजोर और गरीब वर्ग के आरक्षण के पक्ष में है और सपाक्स के अधिकांश मुद्दों से सहमत हैं। इसलिए सपाक्स के साथ चुनाव में तालमेल करेंगे। समाज के अध्यक्ष पीएस परिहार ने कहा कि हम माई के लाल हैं, कोशिश करें तो राजनीतिक व्यवस्था को बदल सकते हैं और दबाव बना सकते हैं।
संस्थापक अध्यक्ष ललित शास्त्री ने भी अधिवेशन को संबोधित किया। अधिवेशन में समता आंदोलन के प्रतिनिधि यशवंत अग्निहोत्री ने बुदनी विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ चुनाव लड़ने की घोषणा की।
सपाक्स से जुड़ीं पूर्व आईएएस अधिकारी...
इस बीच पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. वीणा घाणेकर भी सपाक्स से जुड़ गईं। वीणा घाणेकर ने कहा कि आर्थिक आधार पर आरक्षण होना चाहिए। गरीब को इसका लाभ मिले, चाहे वह किसी भी वर्ग का हो। उन्हें महिला विंग का संरक्षक मनोनीत किया गया।
इधर, सभी 230 विधानसभा में जाएंगे शिवराज!:-
सीएम शिवराज सिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा को भाजपा इस बार 230 विधानसभा में ले जाने की तैयारी कर रही है। इसका रोडमैप को एक-दो दिन में अंतिम रूप दे दिया जाएगा। इसमें मप्र को यात्रा के लिहाज से दो हिस्सों में बांटा गया है।
पहले में विंध्य, बुंदेलखंड, महाकौशल और बघेलखंड हैं, जबकि दूसरे में भोपाल, ग्वालियर-चंबल और मालवा-निमाड़ को रखा गया है। दो-दो दिन करके दोनों अलग-अलग हिस्सों से सप्ताह में चार दिन यात्रा चलेगी। यात्रा की शुरुआत 14 जुलाई को उज्जैन से होगी,जहां पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह इसे हरी झंडी दिखाएंगे।
इसने बढ़ाई चिंता...
वहीं सूत्रों के अनुसार भाजपा सांसद व विधायकों का विकास यात्राओं के दौरान हो रहे विरोध ने पार्टी की चिंता बढ़ा दी है। जिसके चलते प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह संभागों के दौरे के साथ विधानसभा वार बैठकें भी ले रहे हैं। इन बैठकों के जरिए वे स्थानीय स्तर पर मौजूदा जनप्रतिनिधि के कामकाज का फीडबैक भी ले रहे हैं। गौरतलब है कि ज्ञान सिंह, नंदकुमार सिंह चौहान और अनूप मिश्रा के स्थानीय स्तर पर विरोध के बाद सागर विधायक शैलेंद्र जैन और राज्यमंत्री सुरेंद्र पटवा के क्षेत्र में भी विरोधी स्वर मुखर हो रहे हैं।
Published on:
18 Jun 2018 03:26 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
