
चुनावी अदालत: फातिमा बोलीं तीन तलाक-हलाला समाज पर बदनूमा दाग
भोपाल@हर्ष पचौरी की रिपोर्ट...
उत्तर विधानसभा क्षेत्र (भोपाल) से भाजपा प्रत्याशी फातिमा रसूल सिद्दकी ने कहा कि तीन तलाक और हलाला जैसी प्रथा समाज पर बदनूमा दाग है, वो पुराने शहर की महिलाओं को इस अत्याचार से बचाएंगी। केंद्र सरकार के फैसले की तारीफ करते हुए फातिमा ने कहा कि वो खुद इसका प्रचार कर रही हैं।
पुराने शहर में बेजा अतिक्रमण के मुद्दे पर फातिमा बोलीं कि स्थानीय विधायक आरिफ अकील के इशारे पर बाग निशात अफजां की 150 एकड़ जमीन पर आरिफ नगर बसा है। वक्फ बोर्ड की सिंकदरी सराय को विधायक समर्थको ने किराए पर दे दिया है जहां गरीबों को सिर छिपाने पनाह मिलती थी। इसके अलावा बड़ी संख्या में वक्फ प्रापर्टियों को बेच दिया गया है।
उन्होंने कहा कि इन सब मामलों की जांच होगी और दोषियों को जेल भिजवाया जाएगा। देश भर में विख्यात आलमी तब्लीकी इज्तीमा में आने वाली जमातों को सुविधा देने के लिए सूखी सेवनिया रेलवे स्टेशन पर ट्रेनो का हॉल्ट करवाया जाएगा ताकि लोग सीधे आयोजन स्थल ईंटखेड़ी जा सकें।
अभी मुख्य स्टेशन पर हजारों जायरीनों के आने से ट्रैफिक जाम के हालात पैदा होते हैं। फातिमा ने कहा कि उत्तर में बीएमसी के 13 वार्ड हैं जहां नाली, पानी, सड़क बड़ा मुद्दा है वो इन सब पर काम शुरु करवाएंगी।
ऐसे दिए सवालों के जवाब...
सवाल- महिलाएं खासकर मुस्लिम महिलाओं के उत्थान के लिए आपकी क्या योजना है।
जवाब- तीन तलाक-हलाला पर सरकार रोक लगा चुकी है अब समाज में जागरूकता लाने की जरूरत है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ से आगे जाकर मैं मुस्लिम और सभी समुदाय की महिलाओं को लघु और कुटीर उद्योग से जोडऩे का प्रयास करूंगी।
सवाल- एेसा कहा जा रहा है कि आप सिर्फ टिकट मिलने के बाद सक्रिय हुई हैं।
जवाब- मैं डेंटिस्ट्री की पढ़ाई छोड़कर लोगों की समस्याओं को देखकर राजनीति में आई हूं। रसूल अहमद सिद्दीकी की बेटी हूं जो विकास के मुद्दे पर लंबे समय तक लड़ते रहे। मैं उत्तर क्षेत्र की निवासी हूं और लंबे समय से लोगों के बीच रहकर समाज की बुराईयों से लड़ रही हूं।
सवाल- विधायक अकील का आरोप है कि भाजपा सरकार उनके क्षेत्र पर ध्यान नहीं देती।
जवाब- इतने साल विधायक रहने के बावजूद अकील ने विधायक निधि का इस्तेमाल सिर्फ अपने रिश्तेदारो को आगे बढ़ाने किया है, जिसकी जांच होनी चाहिए। आरिफ नगर, संजय नगर, सोनिया गांधी नगर, विधवा कालोनियों बसाकर वे यहां अवैध रूप से किराया वसूल रहे हैं। उनका ये आरोप झूठा है क्योंकि वे खुद कभी जनता के बीच जाते ही नहीं हैं।
सवाल- शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दे पर क्या प्राथमिकताएं हैं।
जवाब- उत्तर क्षेत्र के मदरसों की राशि वितरण में भ्रष्टाचार हुआ है। सरकारी स्कूलों के भवन भी जर्जर हैं। इनकी मरम्मत के साथ वक्फ बोर्ड की सिकंदरी सराय के कब्जे खाली करवाकर यहां महिलाओं के लिए कॉलेज बनाएंगे।
सवाल- जनता आखिर क्यों अकील को इतने साल से जितवा रही है।
जवाब- विधायक और उनके समर्थकों ने अवैध बस्तियों में भय का माहौल बना रखा है। कालोनियों में अब तक लोगों के पास विकल्प नहीं थे। कांग्रेस अब पहले जैसी पार्टी नहीं रही, उन लोग जातिगत आधार पर भावनाएं भड़का कर वोटिंग करवाते आए हैं। मैं प्रचार में इस बार लोगों को भरोसे में ले रही हूं।
सवाल- पुराने शहर में कानून व्यवस्था हमेशा से मुद्दा रहा है, आपकी क्या योजना है।
जवाब- पुराने शहर में गुंडागर्दी अड़ीबाजी जैसी घटनाओं ने जनता काफी परेशानी है। विधायक समर्थित लोग हैं जो हर बार नाजूक मौके पर फिंजा बिगाडऩे उत्पात मचाने लगते हैं। थानों में पुलिस बल बढ़ाने की जरूरत है ताकि असामाजिक तत्वों को जेल में डाला जा सके।
सवाल- चुनाव जीतीं तो उत्तर क्षेत्र के लिए क्या करेंगी।
जवाब- अतिक्रमण, वक्फ बोर्ड की प्रापर्टी पर कब्जे, नाली, पानी और सड़कें यहां की मुख्य समस्याएं हैं। 13 वार्डों की जनता लगातार विधायक से सुविधाओं की मांग करती आई है लेकिन चुनावी मुद्दा बनाकर इन समस्याओ को खत्म नहीं होने दिया जा रहा है। मैं सबसे पहले मूलभूत सुविधाओं की समस्या हल करूंगी।
Updated on:
26 Nov 2018 03:40 pm
Published on:
24 Nov 2018 08:58 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
