15 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अब एमपी में भाजपा कार्यकर्ताओं का इलाज फ्री, सीएम मोहन ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

BJP Workers Free Treatment : बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में मेडिकल सेल के 'सेवा प्रकल्प कार्यालय' का उदघाटन हुआ। सीएम मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र प्रसाद शुक्ल ने इस विशेष सहायता केंद्र का शुभारंभ कर दो हेल्पलाइन नंबर जारी किए।

2 min read
Google source verification
BJP Workers Free Treatment

एमपी में मुफ्त होगा भाजपा कार्यकर्ताओं का इलाज (Photo Source- Patrika)

BJP Workers Free Treatment : भारतीय संविधान के निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में मेडिकल सेल के 'सेवा प्रकल्प कार्यालय' का विधिवत उदघाटन हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र प्रसाद शुक्ल ने इस विशेष सहायता केंद्र का शुभारंभ किया।

एमपी में 'सेवा प्रकल्प कार्यालय' की शुरुआत होने के बाद अब से भाजपा कार्यकर्ताओं को गंभीर बीमारियों के इलाज और डॉक्टरी परामर्श के लिए कहीं भटकने की जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इनके लिए पार्टी कार्यालय में स्थित हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। कार्यकर्ता इलाज की सहायता के लिए इन 9203597200 और 9203697200 पर कॉल कर उचित मदद ले सकते हैं। कार्यकर्ताओं के लिए ये दो विशेष मोबाइल नंबर जारी किए गए हैं। इन नंबरों पर सिर्फ पार्टी के सक्रिय सदस्य ही नहीं, बल्कि उनके परिजन भी घर बैठे अनुभवी डॉक्टरों से परामर्श कर सकते हैं।

पीएम मोदी का संकल्प साकार करने में सहायक

इस व्यवस्था की शुरुआत का उद्देश्य 'स्वस्थ कार्यकर्ता सशक्त संगठन' की अवधारणा को जमीन पर उतारना है। इसे लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि, ये केंद्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास' के संकल्प को कार्यकर्ताओं के स्वास्थ्य सुरक्षा कवच के रूप में साकार करने में सहायक साबित होगा। पार्टी कार्यालय में बनाए गए विशेष कक्ष में अनुभवी चिकित्सा विशेषज्ञ अपनी सेवाएं देंगे।

खून की जरूरत भी होगी तत्काल पूरी

इस केंद्र के माध्यम से यहां कॉल करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को न सिर्फ प्राथमिक स्वास्थ्य परामर्श दिया जाएगा, बल्कि आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज में आने वाली दिक्कतों को भी मौके पर ही दूर करने का कार्य किया जाएगा। इस प्रकल्प में कैंसर, हृदय रोग और किडनी जैसी जानलेवा बीमारियों को प्राथमिकता पर रखा गया है। इसके अलावा, अगर किसी कार्यकर्ता को तत्काल खून की जरूरत पड़ेगी तो सेवा केंद्र की 'रक्तदान टीम' उन्हें उनके ग्रुप का खून मुहैय्या कराने की भी व्यवस्था करेगा।

सीएम मोहन का सुझाव

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के जरिए प्रदेश भर में गांव-गांव पहुंचकर आंखों की जांच के शिविर लगाने का भी सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि, राज्य की भाजपा सरकार जल्द ही जरूरत मंदों को निःशुल्क चश्मा उपलब्ध कराने का काम भी करेगी।

देश का पहला कार्यालय- दावा

पार्टी के एक नेता ने दावा किया कि, संभवत भाजपा का देशभर में ये पहला कार्यालय है, जहां से इस प्रकार कार्यकर्ताओं के इलाजा की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी।