
कैम्प में 150 लोगों का टीकाकरण, न मैसेज मिला न सर्टिफिकेट, अब कैसे लगे दूसरा डोज
भोपाल. कोटरा सुल्तानाबाद के अंकल पार्क में 11 जून को कैंप में 150 लोगों को कोवैक्सीन की पहली डोज लगी, जिनमें से अधिकतर लोगों को न मैसेज, मिले न ही सर्टिफिकेट। अब ये दूसरे डोज के लिए परेशान हैं। सिर्फ अंकल पार्क ही नहीं, ऐसे कई शिविर हैं, जहां वैक्सीन लगवाने के बाद लोगों को मैसेज नहीं मिले। दरअसल, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की मंशा अधिक से अधिक टीकाकरण की है। बुधवार को दूसरा महाअभियान शुरू होगा। इसमें दूसरे डोज पर फोकस होगा, लेकिन लापरवाही के चलते ये खटाई में पड़ सकता है। आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रदीप खंडेलवाल ने बताया कि ज्यादा से ज्यादा वैक्सीनेशन केंद्र बनाने के फेर में कुछ केंद्र ऐसे भी बना दिए गए, जहां टीकाकरण की जानकारी डायरेक्ट पोर्टल पर अपलोड न करके मैनुअली रजिस्टर पर दर्ज की गई। इनमें से बाद में कुछ केंद्रों की जानकारी पोर्टल पर चढ़ा दी गई, लेकिन कई केंद्रों की जानकारी अभी भी पोर्टल पर अपलोड नहीं की गई।
केस 1: कोटरा निवासी नवल गर्ग ने 11 जून को अंकल पार्क में वैक्सीन लगवाई थी। सर्टिफिकेट नहीं मिला। दूसरा डोज लगवाने गए तो कहा, अभी पहला ही लगा। कर्मचारी नवल की बात ही नहीं मान रहे।
केस 2: राहुल हाबर्डे ने भी इसी दिन वैक्सीन लगवाई, लेकिन उन्हें भी अब तक कोई सर्टिफिकेट नहीं मिला। कोविन ऐप पर भी उनका नाम नहीं है, ऐसे में उन्हें दूसरा डोज भी नहीं लग पा रहा।
काजीकैंप, जेपी नगर पहुंची दो वैक्सीन वैन, 89 ने लगवाए टीके
कम टीकाकरण वाले काजीकैंप और जेपी नगर में दो मोबाइल वैक्सीनेशन वैन भेजी गईं। कलेक्टर अविनाश लवानिया ने दोपहर दो बजे को हरीझंडी दिखाकर कलेक्टोरेट से इन्हें रवाना किया। पहले दिन काजीकैंप और जेपी नगर में 89 लोगों को वैक्सीन लगी है। मंगलवार को भी दोनों वैन वार्ड 17, 21 और 41 में जाएंगी। क्योंकि यहां कम लोगों को टीके लगे हैं। कलेक्टर का कहना है कि मोबाइल वैन के रिस्पांस को देखते हुए चार और मोबाइल वैन जल्द चलाई जाएंगी। मोबाइल वैन तैनात वैक्सीनेशन स्टाफ को लैपटॉप दिए गए हैं, जिससे ऑनस्पॉट रजिस्ट्रेशन हो सके।
50 से अधिक लोग हैं तो बुला सकते हैं वैन
किसी मोहल्ले या संस्थान में 50 से अधिक लोगों को वैक्सीन लगनी है, तो इसे बुला सकते हैं। एडीएम संदीप केरकेट्टा और सीएमएचओ प्रभाकर तिवारी से संपर्क करना होगा। इस बार 25 और 26 अगस्त को नगर निगम के वार्ड कार्यालयों में भी कैम्प लगाए जाएंगे। इस संबंध में सोमवार को कलेक्टोरेट में हुई टाइम लिमिट की बैठक में इस पर सहमति बनी है। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि करीब छह सौ से अधिक कैम्प जिले में लगाए जाएंगे।
अगर किसी को सर्टीफिकेट नहीं मिला है तो उन्हें महिाअभियान में दूसरा डोज लगवा दिया जाएगा। फिलहाल मेरे पास अब तक ऐसा कोई मामला नहीं आया है।
डॉ. प्रभाकर तिवारी, सीएमएचओ भोपाल
Published on:
24 Aug 2021, 12:57 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.