26 जनवरी 2026,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सपना चौधरी के डांस के नहीं मिले पैसे, डूब रही 60 करोड़ की भारी भरकम रकम

मैरिज गार्डन में डांसर सपना चौधरी के एक डांस कार्यक्रम पर मनोरंजन कर का नोटिस देकर 24 हजार रुपए टैक्स का चेक लिया था, बाउंस हो गया चेक, ओटीटी तो दूर, सिनेमाघरों,मेलों तक से वसूली बंद, निगम नहीं वसूल पा रहा मनोरंजन कर, 60 करोड़ सालाना नुकसान

2 min read
Google source verification
sapna-choudhary.png

निगम नहीं वसूल पा रहा मनोरंजन कर

भोपाल. ओटीटी यानि ओवर दी टॉप सिस्टम से सीधे मोबाइल, स्मार्ट टीवी पर फिल्म, वेब सीरीज, ड्रामा शहर में खूब देखा जा रहा है, लेकिन निगम प्रशासन इनसे मनोरंजन कर की वसूली नहीं कर पा रहा। ओटीटी के अलावा शहर में लगने वाले मेलों, प्रदर्शनी समेत सिनेमा घरों और अन्य मनोरंजन कार्यक्रमों, फिल्म शूटिंग तक से भी कर की वसूली नहीं हो पा रही है। डांसर सपना चौधरी के डांस कार्यक्रम के मनोरंजन कर तक के पैसे अटके हैं. इससे निगम को सालाना करीब 60 करोड़ रुपए की चपत लग रही है।

ऑडिट विभाग ने जताई आपत्ति
नगर निगम के बजट 2021-22 पर बजट के ऑडिट में भी इस पर आपत्ति जताई गई है। ऑडिट विभाग ने मप्र नगर पालिका मनोरंजन एवं आमोद कर नियम 2018 के तहत लागू नियम से ये आपत्ति निकाली है। डीटीएच समेत दूरसंचार या अन्य तकनीकी साधनों या उपकरणों से मनोरंजन उपलब्ध कराने के लिए टर्नओवर का पंद्रह फीसदी दरें लागू रहने की इसमें बात है। यानि यदि टर्नओवर एक करोड़ रुपए है तो निगम को पंद्रह फीसदी से पंद्रह लाख रुपए का टैक्स जमा करना चाहिए। इसकी वसूली को लेकर ऑडिट को कोई जानकारी निगम ने नहीं प्रदान की है।

2016.17 में भी उठा था मामला
ये मामला 2016-17 में नगर निगम परिषद में तत्कालीन पार्षद गिरीश शर्मा ने उठाया था। तब टैक्स बढ़ोतरी को लेकर बहस की जा रही थी। तत्कालीन अपर आयुक्त राजस्व रणवीरसिंह ने ओटीटी से वसूली के लिए निगम स्तर पर प्रणाली तैयार करने की बात कही थी, लेकिन बाद में कुछ नहीं हुआ।

2019 के बाद नहीं की गई वसूली
निगम प्रशासन ने 2019 के बाद से मनोरंजन कर की वसूली पूरी तरह से बंद कर दी है। उपायुक्त राजस्व संध्या चतुर्वेदी के अनुसार निगम कुछ मामलों में वसूली कर रहा है।

सपना चौधरी के कार्यक्रम का टैक्स बकाया
जोन क्रमांक 13 के जोनल अधिकारी नीलेश श्रीवास्तव ने 2018 में नर्मदापुरम रोड स्थित एक मैरिज गार्डन में डांसर सपना चौधरी के एक डांस कार्यक्रम पर मनोरंजन कर का नोटिस देकर 24 हजार रुपए टैक्स का चेक लिया था। हालांकि ये बाउंस हो गया था, जिसका मामला अब भी कोर्ट में चल रहा है।

ऑरा मॉल,रंगमहल में शो बंद करने का प्रस्ताव
ऑरा मॉल व रंगमहल में मनोरंजन कर की वसूली की नोटिस का कोई जवाब या राशि नहीं मिलने पर यहां के शो को बंद करने का प्रस्ताव बनाया गया है। निगम प्रशासन को इसे मंजूर करना है। नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी का कहना है कि निगम मिलीभगत की वसूली में लगा है। इससे ही आय के बड़े स्रोतों को बंद किया जा रहा है।