
madhya pradesh weather updates
पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से सर्द हवा ने प्रदेश में गलन बढ़ा दी है। आधे प्रदेश में घना कोहरा है। इंदौर सहित कई शहरों में सुबह 9 बजे भी वाहनों की लाइट जलानी पड़ रही है। दिन-रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री का ही अंतर बचा है। ज्यादातर जिलों में 4 दिन से धूप नहीं निकली है। भोपाल में शुक्रवार सुबह कोहरे से दृश्यता सबसे कम 50 मीटर रही। सागर, खजुराहो, नर्मदापुरम, पचमढ़ी समेत कुछ जिलों में दूसरे दिन भी मावठा गिरा। प्रदेश के कई इलाकों में रविवार तक हल्की बारिश हो सकती है।
ग्वालियर रहा सबसे ठंडा प्रदेश में सबसे कम पारा ग्वालियर में 7.9 डिग्री रहा। बाकी जिलों में रात का पारा 13 से 15 डिग्री बना हुआ है। आगे क्या? अगले पांच दिन मौसम में बदलाव नहीं।
कोहरे में टकराया टैंकर, 3 मरे
मैहर जिले के झुकेही में गुरुवार देर रात कोहरे में मंडला से लौट रहे मछुआरों का लोडर वाहन टैंकर से भिड़ गया। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई।
हिल स्टेशन बना भोपाल
भोपाल शहर में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। शुक्रवार को घने कोहरे के साथ दिन की शुरूआत हुई। दृश्यता सिमटकर 50 मीटर पर रह गई। दिन चढऩे के साथ कोहरा तो छंटा लेकिन बादल छाए रहे। यहां पिछले चार दिनों से धूप नहीं खिली है। ठंड के कारण दिन में भी लोग अलाव तापते नजर आ रहे हैं। शहर का अधिकतम तापमान 19.9 डिग्री दर्ज किया। तापमान में तीन डिग्री का उछाल आया है। गुरुवार को यह 16.7 डिग्री दर्ज किया गया था। कोहरा और दिन भर बादल छाने के कारण इन दिनों राजधानी किसी हिल स्टेशन सी नजर आ रही है। मौसम का लुत्फ उठाने पिकनिक स्पॉटों पर भी भीड़ बढ़ गई है।
कोहरे के चलते भोपाल एवं रानी कमलापति रेलवे स्टेशन आने वाली ट्रेनें लगातार देरी से चल रही हैं। वंदे भारत एवं छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें 12 घंटे तक देरी से चल रही हैं जिसके चलते इन्हें शनिवार को निरस्त करने की स्थिति बन रही है। दिल्ली से चलने वाली और भोपाल से होकर गुजरने वाली 10 से ज्यादा ट्रेनें शुक्रवार को लेट हुईं।
मॉर्निंग फ्लाइट कैंसिल
तापमान शुक्रवार को घने कोहरे के चलते शुक्रवार को राजा भोज एयरपोर्ट पर इंडिगो की दिल्ली मॉर्निंग फ्लाइट कैंसिल कर दी गई। एयर इंडिया की दिल्ली-भोपाल फ्लाइट भी ढाई घंटे देरी से आई। इसके अलावा इंडिगो की जयपुर भोपाल फ्लाइट भी मौसम की खराबी के चलते तीन घंटे की देरी से भोपाल आई। दिल्ली से शाम तक आने वाली फ्लाइट भी करीब आधे घंटे की देरी से आई।
फिलहाल राहत नहीं
मौसम विभाग के अनुसार एक ट्रफ लाइन उत्तर प्रदेश से लेकर मध्य प्रदेश के पश्चिमी भाग तक बनी हुई है। इसके अलावा एक और सिस्टम भी तैयार हो रहा है। ऐसे में फिलहाल 12 जनवरी तक ऐसा ही मौसम बने रहने के आसार हैं।
Updated on:
06 Jan 2024 09:04 am
Published on:
06 Jan 2024 08:05 am
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
