20 दिसंबर 2025,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Election 2023: नेताजी ‘झांज’ तो बजा पाएंगे, लेकिन जयकारे लगवाए तो फंस जाएंगे

दुर्गा पंडालों में होने वाले कार्यक्रमों में प्रत्याशियों पर भारी पड़ेगी चुनाव आचार संहिता....। बगैर मंच पर आए ही कर सकते हैं संवाद....।

2 min read
Google source verification

भोपाल

image

Manish Geete

Oct 14, 2023

bhopal111.png

दुर्गा पंडाल और रावण दहन कार्यक्रम में रहेगी नेताओं पर नजर।

चुनाव से पहले नवरात्रि, दशहरा सहित दीपावली पर्व है। नवरात्रि पर्व के दौरान गरबा उत्सव की धूम रहेगी। इनमें चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी भी भाग लेंगे। लेकिन चुनाव आयोग द्वारा कड़ी आदर्श आचार संहिता की नजरों में रहेंगे। पंडालों और गरबा में रात 10.00 बजे से सुबह 6.00 बजे तक लाउड स्पीकर नहीं बजेगा। नेताजी कोई मंच शेयर नहीं करेंगे। यहां वोट नहीं मांगेंगे। लेकिन वे भीड़ से पार्टी विशेष के जयकारे लगवाए तो फंस जाएंगे। हालांकि, त्योहारों के बहाने जनता से मेल मुलाकात पर प्रतिबंध नहीं है।

राजधानी में उत्सव का माहौल

पितृपक्ष खत्म होते ही उत्सवी माहौल हो जाएगा। नवरात्र में गरबों का आयोजन होगा। मां दुर्गा की झांकियां भी सजेंगी। गरबा और झांकी स्थलों पर भारी भीड़ जुटेगी। झांकियों और गरबा के आयोजनों में नेताजी भी समर्थकों के साथ पहुंचेंगे। वे झांकियों के कीर्तन भजन समारोह में शामिल हो सकते हैं। ढोल-झाल बजा सकते हैं। लेकिन वोट नहीं मांग सकते। मंच पर भी नहीं जा सकते। ऐसा किया तो आचार संहिता के घेरे में आ जाएंगे।

कब कौन सा त्योहार

15 अक्टूबर शारदीय नवरात्र
22 अक्टूबर दुर्गा अष्टमी
23 अक्टूबर दुर्गा नवमी
24 अक्टूबर दशहरा
10 नवंबर धन तेरस
12 नवंबर दिवाली

दर्शन करने आएंगे नेताजी

शहर के कई दुर्गा पंडालों, दशहरा उत्सव समितियों में कई उम्मीदवार पदाधिकारी या संरक्षक हैं। लेकिन आचार संहिता की वजह से इनको यहां इस बार भाषण देने के लिए मंच पर नहीं बुलाया जाएगा। वे सामान्य नागरिक के तौर पर आमंत्रित होंगे। बिट्टन मार्केट दुर्गा झांकी के अध्यक्ष हरिओम खटिक का कहना है आमजन की ही तरह प्रत्याशी भी दर्शन कर चले जाएंगे। इस बार किसी नेता को अतिथि नहीं बनाया जा रहा।

रावण दहन में भी मौका

शहर के छोला दशहरा मैदान, भेल दशहरा मैदान, अशोका गार्डन, अरेरा कॉलोनी, ओल्ड कैंपियन मैदान, एमवीएम कॉलेज ग्राउंड, टीटी नगर, बाग मुगालिया, कोलार, साकेत नगर, शक्ति नगर आदि स्थानों पर बड़े स्तर पर रावण दहन होता है। शहर की कॉलोनियों में भी रावण दहन होता है। अप्रत्यक्ष तौर पर प्रत्याशी यहां मतदाताओं को रिझाने का प्रयास करेंगे।

रावण के पुतलों की प्री-बुकिंग

टीटी नगर, गोविंदपुरा, बांसखेड़ी सहित अन्य स्थानों पर कारीगर रावण के पुतले तैयार कर रहे हैं। टीटी नगर में कारीगर सुरेश साहू ने बताया 10 बड़े पुतलों की बुकिंग हो चुकी है। इस बार 15 से 25 फीट तक के पुतले बना रहे हैं। इस बार छोटे पुतलों की भी प्री-बुकिंग हो रही है। करीब 15 पुतलों के भी आर्डर मिल चुके हैं।