21 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भोपाल स्टेशन पर ट्रेन में लगी आग, बोगी से फैला धुआं, मच गई अफरा-तफरी

Bhopal-Jodhpur Express- भोपाल में स्टेशन पर शॉर्ट सर्किट से आग लगी, तकनीकी गड़बड़ी से हुआ हादसा :

2 min read
Google source verification
Fire Erupts in a Coach of the Bhopal-Jodhpur Express

Fire Erupts in a Coach of the Bhopal-Jodhpur Express

Bhopal-Jodhpur Express- भोपाल रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब भोपाल से शुरू होकर जोधपुर जाने वाली भोपाल जोधपुर एक्सप्रेस की जनरेटर बोगी में आग लग गई। सोमवार को दोपहर 3 बजे यह हादसा हुआ। संयोगवश कोई जनहानि नहीं हुई। प्लेटफार्म शिफ्टिंग के दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट से बोगी में आग लग गई। रेलवे कंट्रोल की सूचना का प्रसारण होते ही रेस्क्यू टीम ने तत्काल एक्सप्रेस की जनरेटर बोगी को शट डाउन किया। तकनीकी कर्मचारियों ने आग बुझाने की कार्रवाई त्वरित गति से की जिससे बड़ी घटना होने से बच गई। अच्छी बात यह भी रही कि आगजनी के दौरान ट्रेन पूरी तरह खाली थी।

रेलवे यार्ड से निकालकर ट्रेन को प्लेटफार्म नंबर 6 पर लाया जा रहा था। तकनीकी स्टाफ ने जैसे ही ट्रेन में पावर सप्लाई के लिए जनरेटर बोगी को चालू किया, इसमें तेज आवाज के साथ शॉर्ट सर्किट हुआ। इसके साथ ही चिंगारी प्लेटफार्म नंबर 6 की तरफ आने लगी। यहां मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

भोपाल रेल मंडल के अधिकारियों के मुताबिक तकनीकी गड़बड़ी के चलते पावर ऑन करने के दौरान जनरेटर बोगी में शॉर्ट सर्किट हुआ था। ट्रेन रवाना होने से पहले रैक की शिफ्टिंग की जा रही थी। बोगी में आग के दौरान प्लेटफार्म पर चारों ओर धुआं ही धुआं नजर आया।

यात्री नहीं थे मौजूद

राहत की बात यह रही कि घटना के समय ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पूरी तरह लगी नहीं थी और उसमें यात्री नहीं थे। लोगों ने बताया, शुरुआती कुछ मिनटों तक किसी को स्पष्ट रूप से आग या धुएं का अंदेशा नहीं हुआ। जनरेटर कार के अंदर तकनीकी गड़बड़ी धीरे-धीरे बढ़ती रही, लेकिन करीब 15-20 मिनट बाद जब धुआं तेजी से पूरे प्लेटफार्म और आसपास के क्षेत्र में फैल गया, तब कर्मचारियों और मौजूद लोगों को स्थिति की गंभीरता का एहसास हुआ। इसके बाद तुरंत फायर बूस्टर की मदद से आग पर काबू पाया गया।

अन्य प्लेटफॉर्म पर भी असर, यात्री परेशान

घटना के दौरान स्टेशन परिसर में धुएं का गुबार फैल गया, जिससे अन्य प्लेटफॉर्म पर बैठे यात्रियों को भी परेशानी हुई। कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग को फायर बूस्टर की मदद से तुरंत काबू में कर लिया गया। इसके बाद एहतियातन जनरेटर कार को अलग कर दिया गया और वैकल्पिक इंजन व पावर कार की व्यवस्था की गई। घटना नियंत्रित करने के बाद दूसरी बोगी लगाकर इस ट्रेन को रवाना किया गया, जिसमें शाम 4.30 बजे रवाना होने वाली ट्रेन को चलने में सवा घंटे की देरी हुई।

घटना के बाद क्षतिग्रस्त जनरेटर कार को हटाकर आरकेएमपी (रानी कमलापति स्टेशन) के पास खड़ा किया गया है, जहां इंजीनियरिंग टीम इसकी जांच कर रही है। सिग्नल क्लियर होने के बाद इसे यार्ड में शिफ्ट किया जाएगा।

प्रमुख बिंदु

भोपाल जोधपुर एक्सप्रेस की बोगी में आग लगी
भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर हुआ हादसा
क्रॉसिंग के दौरान आगजनी की घटना हुई
स्टेशन कर्मियों ने किया काबू
शॉर्ट सर्किट से लगी आग, स्टेशन पर अफरा-तफरी मची