
एमपी में आज शिवराज मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। चार दिन की लंबी खींचतान के बाद आखिरकार शुक्रवार रात को मंत्री पद के लिए तीन विधायकों के नाम तय कर लिए गए। राजभवन को इसकी सूचना भी भेज दी गई। नए मंत्रियों का शपथग्रहण समारोह शनिवार को सुबह 8.45 बजे होगा।
शिवराजसिंह सरकार के इस चौथे मंत्रिमंडल विस्तार में तीन विधायक राजेंद्र शुक्ल, गौरीशंकर बिसेन और राहुलसिंह लोधी मंत्री पद की शपथ लेंगे। इसमें बिसेन और शुक्ला केबिनेट मंत्री और राहुलसिंह लोधी राज्य मंत्री बनेंगे। सीएम शिवराजसिंह चौहान ने शुक्रवार रात राजभवन जाकर गर्वनर मंगूभाई पटेल से मुलाकात की। शिवराजसिंह ने राज्यपाल को मंत्रियों के नामों की सूची दी। दोनों की बातचीत के बाद शनिवार सुबह 8.45 बजे का समय तय हो गया।
प्रदेश में विधानसभा चुनाव के ऐन पहले के इस मंत्रिमंडल विस्तार में जिन विधायकों को मंत्री बनाया जा रहा है उनका कार्यकाल महज डेढ़ माह ही रहेगा। राज्य में तीन माह बाद विधानसभा चुनाव होने हैं जिसके लिए जल्द ही आचार संहिता लागू हो जाएगी। क्षेत्रीय और जातिगत समीकरणों को साधने के लिए ये विस्तार किया जा रहा है।
राज्य मंत्रिमंडल की अभी 4 सीटें खाली हैं। मंत्रिमंडल में अभी सीएम शिवराजसिंह व 30 मंत्री हैं यानि कुल 31 सदस्यों का मंत्रिमंडल है। विधानसभा सीटों के हिसाब से प्रदेश में कुल 35 मंत्री हो सकते हैं। इस तरह 4 पद खाली हैं।
ये विधायक बन रहे मंत्री
बालाघाट के विधायक गौरीशंकर बिसेन बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं में शुमार हैं। वे अभी राज्य पिछडा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष हैं। छात्र जीवन से ही राजनीतिक कैरियर शुरु करनेवाले बिसेन 1985 से अब तक 7 बार विधायक रह चुके हैं। सन 1998 व 2004 में बिसेन सांसद भी चुने गए थे। वे पहले प्रदेश में स्वास्थ्य और सहकारिता मंत्री भी रह चुके हैं।
रीवा से विधायक राजेंद्र शुक्ला भी राज्य में पहले मंत्री रह चुके हैं। शिवराज खेमे के होने के बाद भी इस बार मंत्री नहीं बन सके थे। वे 2003 में पहली बार प्रदेश में राज्य मंत्री बने थे और 2008, 2013 में भी राज्य मंत्रिमंडल में शामिल रहे।
इधर राहुलसिंह लोधी को राज्य भर के लोधी वोटों और उमा भारती को साधने के लिए मंत्रिमंडल में शामिल किया जा रहा है। खरगापुर से विधायक राहुल लोधी पूर्व सीएम उमा भारती के भतीजे हैं।
Published on:
26 Aug 2023 07:55 am
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
