
महिला पुलिस में जाने वाली लड़कियों को जल्द मिल सकती है खुशखबरी
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस भर्ती विवाद कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है। यह विवाद महिलाओं की ऊंचाई कम होने के कारण शुरू हुआ था। इसके अंतर्गत सरकार महिलाओं को पांच सेंटी मीटर की छूट देने जा रही है। इसी के चलते मंगलवार को होने वाली कैबीनेट बैठक में प्रस्ताव रखा जाएगा। जानकारी के अनुसार यह बैठक सोमवार को होनी थी। पर, कुछ कारणों के चलते इसे मंगलवार को पोस्टपोन कर दिया गया है। आपको बता दें कि सीएम द्वारा महिला पुलिस भर्ती में, महिलाओं को पांच सेंटी मीटर की छूट देने की घोषणा की थी, पर अभी तक उसे लागू नहीं किया गया था। यही कारण रहा कि कुछ दिनों पहले महिलाओं ने पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन भी किया था। इसके संबंध में महिलाओं ने सरकार से गुहार लगाई थी। इस चुनावी साल में सरकार किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहती। यही कारण है कि वह महिला पुलिस भर्ती में 5 सेंटी मीटर की छूट देने जा रही है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को होने वाली कैबिनेट में वकीलों की सुरक्षा के लिए प्रोटेक्शन एक्ट (मप्र अधिवक्ता सुरक्षा विधेयक 2018) को भी लागू किया जा सकता है। वही दूसरी तरफ राजमार्ग निधि के विरुद्ध सड़क विकास निगम 400 करोड़ रुपए का कर्ज लेने पर भी चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के 10 की जगह 50 छात्रों को विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति देने, जबलपुर मेडिकल कॉलेज में न्यूरोसर्जरी विभाग में सुविधाओं के विस्तार, मानसिक आरोग्यशाला ग्वालियर के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस परियोजना को जारी रखने, राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) के अंतर्गत धार में इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने सहित कैबिनेट में 37 मुद्दों पर चर्चा होगी।
आपको बता दें कि हमारे मुख्यमंत्री चौहान ने अक्टूबर 2017 में घोषणा की थी कि राज्य में गुंडों, मनचलों को ठीक करने के लिए बालिकाओं को 33 फीसदी आरक्षण देकर उन्हें खाकी वर्दी के साथ, उनके हाथ में डंडा थमाएंगे। और इसके लिए उन्होंने पुलिस भर्ती में बालिकाओं के लिए न्यूनतम उंचाई 158 सेंटीमीटर में छूट देने की घोषणा की थी। ऊंचाई में कितनी छूट दी जाएगी, इसे उन्होंने स्पष्ट नहीं किया था। अब 1,000 से अधिक लड़कियां पुलिस आरक्षक (कांस्टेबल) की लिखित परीक्षा, साक्षात्कार और अन्य परीक्षाएं पास कर चुकी हैं, लेकिन उन्हें कम ऊंचाई के कारण भर्ती से बाहर कर दिया गया है।
Published on:
09 Jul 2018 05:41 pm
