19 जनवरी 2026,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बिगड़ा मौसमः आंधी में गिरे पेड़ और खंभे, गुना में ओले, श्योपुर में नदी उफान पर

मध्यप्रदेश में बिगड़ा हुआ है मौसम...। कई बारिश, कहीं आंधी, कहीं ओलावृष्टि की खबरें...। देखें मध्यप्रदेश के कई जिलों का अपडेट...।

2 min read
Google source verification

भोपाल

image

Manish Geete

May 28, 2023

mp.png

मध्यप्रदेश में मौसम विभाग की चेतावनी का असर देखने को मिल रहा है। रविवार को भी कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की खबरें हैं। रायसेन में एक कार्यक्रम में आंधी चलने से टेंट उड़ गया। गुना में ओले गिरे हैं। उज्जैन में तेज आंधी से पेड़ धराशाही हो गया। जबकि श्योपुर में बारिश के कारण नदी उफान पर आ गई है। आलम यह है कि गर्मी के मौसम में तापमान काफी गिर गया है।

मध्यप्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज गड़बड़ है। कई जिलों से बारिश और ओलावृष्टि की खबरें आ रही हैं। शनिवार को भी मौसम विभाग ने कई जिलों में रविवार को मौसम बिगड़ने के साथ ही ओलावृष्टि की चेतावनी दी थी। मौसम विभाग की चेतावनी सही साबित हुई।

गुना जिले में ओले, आंधी में खंभे गिरे

गुना जिले में रविवार को सुबह मौसम बिगड़ने की खबर है। आंधी के साथ बारिश होने लगी। राघौगढ़ के अहमदपुर में ट्रांसफार्मर गिर गया, वहीं कई स्थानों पर बिजली के खंभे गिर गए। पूरे शहर की बिजली गुल हो गई। इधर, मधुसूदनगढ़ में तेज बारिश के साथ ओले गिरे हैं। गुना शहर में सुबह 11 बजे तेज हवाओं के साथ तेज बारिश से लोगों को घरों में कैद कर दिया था।

श्योपुर में नदी में बाढ़ जैसे हालात

श्योपुर जिले से खबर है कि श्योपुर के विजयपुर में लगातार बारिश होने से वहां बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। लगातार बारिश होने से गोपालपुर गांव के निकट सुख नदी में पानी बढ़ गया। इस कारण नदी उफान पर आ गई। नौतपा में सबसे गर्म रहने वाला श्योपुर का तापमान काफी कम हो गया।

रायसेन में टेंट गिरा

भोपाल के पड़ोसी जिले रायसेन से खबर है कि वहां आपदा मित्र प्रशिक्षण चल रहा था, तभी तेज आंधी में यहां टेंट ही उड़ गया। काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन किसी को चोट नहीं लगी है।

उज्जैन में पेड़ गिरा

उज्जैन से खबर है कि सांदिपनी आश्रम के सामने एक विशालकाय प्राचीन पेड़ गिर गया। इस पेड़ के गिरने से मोटरसाइकिल, कार और वहां मौजूद आटो शामिल हैं, जो वहां पार्क किए गए थे। हालांकि किसी को कोई चोट नहीं लगी है। यह पेड़ तेज आंधी में गिर गया था। हालांकि भीड़भाड़ वाले इलाका होने के बावजूद बड़ा हादसा टल गया।

नौतपा में ठंडे दिन

इस साल नौतपा में भी गर्मी के तेवर तीखे नहीं है। कई जिलों का तापमान अपेक्षाकृत कम है। हमेशा गर्म रहने वाले निमाड़ अंचल के खंडवा में तापमान 40.5 डिग्री दर्ज किया गया है। बाकी अन्य जिलों का तापमान भी 40 डिग्री से कम ही दर्ज किया गया है। भोपाल की बात करें तो यहां का तापमान 39.6 डिग्री है, वहीं इंदौर में 38.2 डिग्री, ग्वालियर में 37.1 डिग्री और जबलपुर में तापमान 38.4 डिग्री दर्ज किया गया। पचमढ़ी में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। वहां 32.8 डिग्री अधिकतम तापमान है।