12 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Floods: बांधों के गेट खुले, नदियां उफान पर, पूरे राज्य में एक्टिव है मानसून

पूरे मध्यप्रदेश में लगातार बारिश हो रही है, बांधों से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है...। नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। देखें प्रदेश में बाढ़ की ताजा स्थिति...।

3 min read
Google source verification

भोपाल

image

Manish Geete

Jul 22, 2023

kolar1.png

मध्यप्रदेश में मानसून एक्टिव होने से हो रही है लगातार बारिश। कई डैम से छोड़ा जाने लगा पानी।

पूरे प्रदेश में इस समय मानसून सक्रिय है। शनिवार को सुबह से ही रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। उज्जैन में गंभीर डैम के गेट खोल दिए गए हैं। बड़वानी में नर्मदा का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। भोपाल के कोलार डैम से भी पानी छोड़ा जाने लगा है। खरगोन, बैतूल में नदियां उफान पर हैं। कई जिलों से डैम का पानी छोड़े जाने की खबरें हैं। कुछ जिलों में बारिश और बाढ़ से नुकसान भी हुआ है। लोगों को नदी और बांध की तरफ जाने से बचना चाहिए।

patrika.com पर देखें मध्यप्रदेश में बाढ़ से कहां-कहां बिगड़े हैं हालात...।

उज्जैनः गंभीर डैम के गेट खुले

उज्जैन से खबर है कि गंभीर डेम लबालब हो जाने के कारण डेढ़ मीटर तक गेट खोल दिए गए। इंदौर का यशवंत सागर डैम का गेट खुलने और गंभीर डैम के केचमेंट एरिया में प्रभारी बारिश के बाद यह स्थिति बनी है। शनिवार को भी डैम का डेढ़ मीटर तक खुला रखा गया है। गंभीर डेम की कुल क्षमता 2250 एमसीएफटी है और जुलाई खत्म होने से पहले ही अपनी पूर्ण क्षमता से भर चुका है।

इस बीच शनिवार को सुबह महाकाल मंदिर परिसर में बारिश का पानी जमा हो जाने के कारण गर्भगृह तक पहुंच गया। इसे कई मोटरों की मदद से निकाला गया। हालांकि दर्शन व्यवस्था सुचारू रूप से जारी रही। सावन माह के कारण महाकाल दर्शन करने वालों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसका वीडियो (mahakal video) भी सुबह से वायरल हो रहा है। यहां देखें विस्तृत समाचार

खरगोनः बाढ़ में उजड़ गए खेत-खलियान

खरगोन जिले से खबर है कि पिछले 24 घंटों से लगातार बारिश के बाद यहां नदी-नाले उफान पर हैं। कई गांवों का सड़क संपर्क कट गया है। वहीं निचले इलाकों के कई खेत में लगी फसल बाढ़ के पानी में बह गई है। पास ही के रजूर गांव के नाले के पानी ने खेत-खलियान को उजाड़ दिया है।

यहां देखें वीडियोः

नर्मदापुरमः मछवासा नदी में कार बही

इधर, नर्मदापुरम जिले से खबर है कि यहां के पिपरिया-राईखेड़ी के बीच मछवासा नदी की पुलिया के ऊपर से पानी बह रहा था। जिसे पार करते समय कार बह गी। उस कार में चार लोग सवार थे। कार में सवार तीन लोगों ने तैरकर जान बचा ली। जबकि कार में सवार अजय वानवंशी उर्फ अज्जू लापता है।

बैतूलः रपटों पर चढ़ गया पानी

इधर, बैतूल जिले की भैंसदेही तहसील के गुंदगांव-परतवाड़ा मार्ग पर धाबा पंचायत से जामुलनी जाने वाले मार्ग पर रपटे की ऊंचाई कम होने से आए दिन रास्ता बंद हो रहा है। अड़ना नदी में बाढ़ आने से कई गांवों का रास्ता भी कट जाता है। काफी घंटों तक लोगों को पानी उतरने का इंतजार करना पड़ रहा है।

बड़वानीः नर्मदा का जल स्तर बढ़ा

लगातार बारिश से नर्मदा का जल स्तर बढ़ रहा है। बड़वानी का राजघाट का बेकवाटर लेवल 127.200 मीटर पर पहुंच गया है। इससे अब पुराना पुल डूबने की स्थिति में पहुंच गया है। अगले 12 घंटों में राजघाट का पुल डूब जाएगा। डैम का पानी लगातार छोड़े जाने से यह स्थिति बन रही है।

भोपालः कोलार डैम लबालब

भोपाल की प्यास बुझाने वाला कोलार डैम (kolar dam) भी भर गया है। शुक्रवार को इसके दो गेट चार घंटे के लिए खोल दिए गए। डैम में 457 मीटर पर पानी पहुंचते ही गेट खोले जाते हैं। हालांकि डैम में लगातार पानी बढ़ रहा है। इसलिए अब इसके गेट अब जल्दी-जल्दी खोले जा सकते हैं। इससे पहले जुलाई 2022 में भी डैम के गेट खोले गए थे। इस डैम से भोपाल की 60 प्रतिशत आबादी को पीने का पानी दिया जाता है। खबर लिखे जाने तक भोपाल के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुककर बारिश हो रही थी।

यहां देखें ड्रोन शॉट्स