
IMD Alert :मध्य प्रदेश में आगामी महीने के पहले दिन से ही मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतर क्षेत्रों में बारिश और आंधी चलने की संभावना है। जबकि, कुछ क्षेत्रों में ओले भी गिर सकते हैं। मौसम का मिजाज बदलने से राजधानी भोपाल समेत प्रदेश की बड़ी आबादी को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के साथ-साथ साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम के चलते मौसम के मिजाज में बदलाव आएगा। वहीं, आज रविवार की बात करें तो सबसे पहले भोपाल और इसके साथ ग्वालियर, जबलपुर, इंदौर, उज्जैन में दिन का तापमान 35-36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। जबकि, रात के तापमान में भी औसत से कमी दर्ज की जाएगी। इसके बाद 31 मार्च सोमवार को दिन में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। दिन में धूप तो खिलेगी, लेकिन तेज गर्मी रहने के आसार नहीं हैं।
अप्रैल की पहली तारीख से ही बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार को भोपाल, इंदौर, राजगढ़, शाजापुर, देवास, बड़वानी, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, खरगोन, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट और मंडला में हल्की बारिश, आंधी और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। जबकि खंडवा, बुरहानपुर और हरदा में ओले भी गिर सकते हैं।
वहीं, अगले दिन 2 अप्रैल बुधवार को प्रदेश के छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बालाघाट, बुरहानपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, मंडला, हरदा, सिवनी में कहीं-कहीं ओले गिरने की भी संभावना है, जबकि भोपाल, इंदौर, सिंगरौली, सीधी, सतना, सीहोर, रीवा, मऊगंज, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडोरी, जबलपुर, बैतूल, राजगढ़, शाजापुर, देवास, नरसिंहपुर और नर्मदापुरम में गरज-चमक आंधी चल सकती है।
Updated on:
30 Mar 2025, 9:24 AM IST
Published on:
30 Mar 2025, 9:24 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.