
मध्यप्रदेश में एक बुजुर्ग महिला की बेरहमी से पिटाई के मामले ने सभी को हैरान कर दिया। पोते और बहू की करतूत का वीडियो वायरल होने के बाद अब वे जेल में हैं और दादी को बड़ी राहत मिल रही है। इस बुजुर्ग दादी की बातें सुनकर हर व्यक्ति भावुक हो जाता है।
इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला भोपाल का है। एक युवक ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर अपनी ही बुजुर्ग दादी पर ऐसे जुल्म किए जिसे शायद ही कोई भूल पाए। दादी की बेरहमी से पिटाई की गई। हर दिन लात-घूंसों से मारा जाता था। भूखा-प्यासा रखा जाता था। पोते और उसकी पत्नी की इस क्रूरता पूर्वक हरकत को पड़ोसी सहन नहीं कर पाए और उन्होंने छुपकर वीडियो बना लिया। यह वीडियो वायरल होने के बाद पोता और बहू जेल की हवा खा रहे हैं।
वायरल वीडियो पुलिस के पास पहुंचा तो उसने अपनी जांच पड़ताल शुरु की। पुलिस तफ्तीश में पता चला कि वायरल वीडियो मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के जहांगीराबाद इलाके का है। पुलिस की छानबीन में पता चला कि महिला के साथ मारपीट करने वाले कोई और नहीं, बल्कि वो बुजुर्ग महिला का पोता और उसकी पत्नी है। मामले में एक्शन लेते हुए पुलिस ने पति और पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस ने दादी को बुलाया
घटना के बाद दादी अपने घर झांसी चली गई थी। पुलिस ने अब उन्हें बुलाया है, उनसे ही पुलिस अब पिटाई की वजह पूछ रही है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया और महज कुछ घंटे में ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, पुलिस अब इन्हें कानूनी तरीके से ऐसा सबक सिखाने के मूड में है ताकि कोई बुजुर्गों के साथ ऐसा व्यवहार करने की हिम्मत न जुटा सके।
पोते और उसकी पत्नी की बेरहमी की शिकार बापू कॉलोनी की बुजुर्ग दादी ने शुक्रवार को झांसी से आकर थाने में दर्दभरी दास्तां सुनाई। 73 साल की बुजुर्ग दादी की कहानी सुनकर एक बार तो जहांगीराबाद टीआइ संजय सोनी भी हैरान रह गए। दादी ने बताया कि पोते और बहू ने सिर दीवार पर पटक-पटककर सारे दांत तोड़ दिए। दर्द से बिलखती रहती थी पर कोई साथ नहीं देता था। उन्होंने रोकर अमानवीयता की कहानी सुनाई। बेटे शोभाराम की बीमारी से मौत के बाद से पोते के पास रहने भोपाल आ गई थी। पुलिस ने बयान दर्ज करने के बाद दादी को अस्पताल भेजकर मेडिकल चेकअप भी कराया।
बुजुर्ग दादी ने बताया कि थोड़े से रुपए और जमीन-जायदाद के लिए पोते दीपक और उसकी पत्नी पूजा सेन का व्यवहार बदल गया था। वे दोनों उन्हें खाने के लिए सिर्फ दो रोटी देते थे। सुबह-शाम दो बार मारपीट करते थे, इससे उनके सारे कपड़े फट गए। तन ढंकने के लिए उनके पास केवल एक जोड़ी कपड़ा ही बचा था। पोते और बहू से आजाद होकर बुजुर्ग दादी अब राहत महसूस कर रही है।
Updated on:
30 Mar 2024 01:12 pm
Published on:
30 Mar 2024 01:11 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
