भोपाल। होली आने के पहले ही ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट लंबी हो गई है। त्योहार पर घर जाने वाले लोग ट्रेनों में चल रही भीड़ और आरक्षित कोच में नोरूम की स्थिति से परेशान हो रहे हैं। होली का त्योहार रिश्तेदारों और परिजनों के साथ मनाने का प्लान बना रहे लोगों को अब यात्रा और योजना में भी फेरबदल करना पड़ रहा है। खासकर भोपाल से दिल्ली, नागपुर, मुंबई और जयपुर की ओर जाने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग बन गई है। वहीं लंबी दूरी की ट्रेनों में नोरूम के हालात हैं। रेलवे कुछ रूट पर स्पेशल ट्रेन चला रहा है, लेकिन वे नाकाफी साबित हो रही हैं। रेलवे के आरक्षण केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार ट्रेनों में अच्छी खासी भीड़ बढ़ गई है।