
करोंद मंडी से डीआइजी बंगला पांच मिनट में
भोपाल. करोंद रेलवे ओवरब्रिज के दो पिलर की स्लैब में बाधक बन रही बिजली की हाइटेंशन लाइन दिसंबर 2022 तक हट जाएगी। पीडब्ल्यूडी समेत संबंधित विभागों की बैठक में ये तय किया गया है। इस प्रकार मार्च 2023 तक ब्रिज शुरू करने की कोशिश अब तेज कर दी गई है।
ब्रिज का काम पूरा होने के बाद करोंद मंडी से डीआइजी बंगला व संबंधित क्षेत्रों की आवाजाही निर्बाध होगी। फाटक की वजह से पांच मिनट की दूरी 20 से 25 मिनट में पूरी होती है। ब्रिज पूरा होने के बाद रोजाना यहां से गुजरने वाले 50 हजार से अधिक लोगों को राहत मिलेगी।
गौरतलब है कि करीब पांच करोड़ रुपए का अंडरब्रिज फेल होने के बाद पीडब्ल्यूडी ने यहां 17 करोड़ रुपए के ओवरब्रिज की योजना बनाई। इसका 90 फीसदी काम पूरा हो चुका है। हाइटेंशन लाइन की वजह से काम में देरी हो रही है। अंडरब्रिज में ड्रेनेज व्यवस्था सही नहीं हो पाई थी, जिससे पूरे समय इसमें पानी जमा रहता। वाहन नहीं गुजर सकते थे। अब ओवरब्रिज से ये दिक्कत दूर होगी।
अंडरग्राउंड की हाइटेंशन लाइन, नए खंभे के फाउंडेशन का काम जल्द
यहां करोंद ब्रिज के दो पिलर के स्लैब में बाधक बन रही हाइटेंशन लाइन को अंडरग्राउंड कर दिया गया है। हालांकि लाइन को अभी चार्ज नहीं किया गया। इसके दूसरी ओर केबल को खंभे से जोडऩे नया फाउंडेशन बनाकर पोल खड़ा किया जाएगा। ये काम होने के बाद ही यहां ब्रिज का स्लैब वाला काम शुरू होगा। लाइन को अंडरग्राउंड करने के लिए कई स्तरों पर बैठक- चर्चा हुई, इसमें थोड़ी देरी हुई है। अब काम तेजी से चलेगा।
ओवरब्रिज से इन्हें होगा लाभ
डीआइजी बंगला, आरिफ नगर, नवाब कॉलोनी, काजीकैंप, करोंद हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, फिजा कॉलोनी, विश्वकर्मा कॉलोनी, टीला जमालपुरा, नारियलखेड़ा के अलावा भोपाल टाकीज से करोंद, अयोध्या बायपास, गांधीनगर, राजाभोज एयरपोर्ट आने जाने वालों को नवाब कॉलोनी के पास रेलवे फाटक बंद होने पर परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। भोपाल टॉकीज चौराहा से बैरसिया रोड, विदिशा रोड और अयोध्या बायपास की ओर जाने के लिए वाहन चालक इस रोड का बहुत ज्यादा उपयोग करते हैं।
पीडब्ल्यूडी के ब्रिज सेक्शन के कार्यपालन यंत्री जावेद शकील बताते हैं कि हमारा काम लगभग पूरा हो गया है। दिसंबर तक हाइटेंशन लाइन हटने के साथ ही बचा हुआ काम खत्म कर मार्च 2023 तक ब्रिज शुरू करने की स्थिति हो जाएगी।
Published on:
18 Nov 2022 02:49 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
