13 दिसंबर 2025,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजधानी की वोटर लिस्ट में 35,248 नामों की गड़बड़ी! जानिये अन्य जिलों का हाल

वोटर लिस्ट में 35,248 नामों में गड़बड़ी मिली है, इनमें भी ...

3 min read
Google source verification
fake voter list

fake voter list

भोपाल। चुनाव आयोग की पहल पर वोटर लिस्ट में हुई गड़बड़ी को दूर करने के लिए की जा रही तमाम कोशिशों के बीच एक बड़ी ही चौंकाने वाली बात सामने आई है।


इसमें सबसे ज्यादा वोटर लिस्ट में गड़बड़ी सागर जिले में पाई गई है, जहां वोटर लिस्ट में 60424 ऐसे नाम मिले हैं, जिनका अता-पता नहीं है, जिनमें 25 हजार 114 नाम तो मृतकों के हैं। भोपाल जिले की वोटर लिस्ट में 35,248 नामों में गड़बड़ी मिली है, इनमें भी 7076 नाम मृतकों के हैं।

इस जांच के साथ ही मध्यप्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य है, जहां वोटर लिस्ट का समरी रिवीजन कर गड़बड़ियों को ठीक किया गया है।

जानकारी के अनुसार चुनाव आयोग की पहल पर वोटर लिस्ट में हुई गड़बड़ी को दूर किए जाने की कड़ी में रविवार को प्रदेश के 51 जिलों के कलेक्टरों ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) को मृतकों, पता बदलने वाले और पते पर नहीं पाए गए लोगों की जानकारी भेज दी है। यह संख्या करीब 7 लाख है।

कलेक्टरों ने सीईओ मध्यप्रदेश को यह जानकारी तीन दिन पहले की स्थिति में भेजी है। फर्जी वोटरों की यह संख्या आगे बढ़ने के भी आसार हैं।

कहा जा रहा है कि इसका मुख्य उद्देश्य ये है कि इसके बाद अब जल्द ही होने वाले विधानसभा चुनाव में जिस वोटर लिस्ट का उपयोग हो उसमें कोई भी बोगस वोटर न हो।

वहीं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सलीना सिंह का दावा है कि वोटर लिस्ट के समरी रिवीजन में जो भी मृतक, जो पते पर नहीं मिले हैं और जो जगह छोड़कर चले गए हैं, उनके नाम हटा दिए गए हैं।

मुख्य चुनाव आयुक्त रावत आज इंदौर में...
भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त ओपी रावत सोमवार को इंदौर आ रहे हैं। रावत वहां सुबह 11 बजे मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से वोटर लिस्ट के संबंध में चर्चा करेंगे। बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सलीना सिंह, जिला निर्वाचन अधिकारी तथा चुनाव से जुड़े अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।

ऐसे शुरू की प्रक्रिया...
जानकारी के अनुसार अशोकनगर और मुंगावली विधानसभा चुनाव में हजारोंं की संख्या में फर्जी मतदाताआें के नाम सामने आने के बाद भारत निर्वाचन आयोग ने मप्र में मतदाता सूचियों की निगरानी करना शुरू करा दी।


इस जांच में वोटर लिस्ट में बड़ी संख्या में मृत और शिफ्टेड मतदाताओं के नाम होने जैसी गड़बड़ी सामने आई है। जानकारों का मानना है कि वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का यह आंकड़ा चुनाव में नतीजे प्रभावित कर सकता था।

पूर्व में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सलीना सिंह ने कहा है कि मध्य प्रदेश में अब तक 6.73 लाख मृतक मतदाताओं के नाम सूची में चिन्हित किए जा चुके हैं|

चुनाव आयोग को एक आरटीआई एक्टिविस्ट ने इस संबंध में शिकायत भेजी थी,कि मतदाता सूचियों के संशोधन में गड़बड़ी की आशंका है।

शिकायत में बताया गया कि प्रदेश में मतदाता सूची में 33 लाख संदेहास्पद मतदाताओं की जानकारी सामने आने, मृत और शिफ्टेड मतदाताओं के नाम नहीं हटाने जैसी गड़बड़ियों को लेकर आंकड़ों को अंतिम रूप देने वाले मध्यप्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कारपोरेशन पर भी उंगली उठने लगी है।

वहीं शिकायत आने के बाद चुनाव आयोग ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से इस संबंध में जानकारी तलब की। जिसके बाद राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री के सचिव चंद्रशेखर बोरकर से मप्र स्टेट इलेक्ट्रॉनिक डेवलपमेंट कार्पोरेशन (एमपीएसईडीसी) के एमडी पद का चार्ज ले लिया है। इसकी जिम्मेदारी नवीकरणीय विभाग के प्रमुख सचिव मनु श्रीवास्तव को सौंप दी गई।

जानिये कौन क्या बोला...

मध्यप्रदेश में जिस प्रकार से फर्जी वोटर्स का बढ़ता आंकड़ा सामने आ रहा है, वो चौंकाने वाला होकर निष्पक्ष मतदान के प्रति बड़े संदेह को जन्म दे रहा है। इतनी बड़ी संख्या में फर्जी वोटर्स चुनाव परिणाम को पलट सकते हैं।
- कमलनाथ, पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद

कुछ लोगों को चुनाव आयोग की स्वायत्तता पर आरोप लगाने की आदत सी हो गई है। अपनी हार को सामने देख वे बौखला जाते हैं। वे जब जीतते हैं तो भूल जाते हैं कि जहां पर वे जीते हैं वहां भी आयोग ने ही चुनाव करवाए हैं।
- शिवराज सिंह चौहान , मुख्यमंत्री

MP में वोटर लिस्ट में गड़बड़ी वाले टाॅप-10 जिले...
जिला - गड़बड़ी - मृतक
सागर - 60,424 - 25,114
ग्वालियर - 41,851 - 6405
भोपाल - 35,248 - 7076
इंदौर - 31,043 - 6599
भिंड - 23,756 - 7664
कटनी - 28,556 - 14263
जबलपुर - 19790 - 9205
उज्जैन - 22,472 - 13076
बुरहानपुर - 14378 - 7891
सीहोर - 13451 - 4821