1 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बड़ी खबर: भाजपा अध्यक्ष ने बता दिया- लोकसभा चुनाव 2024 में कितनी सीटें जीतेंगे ?

-भाजपा का नया अभियान, हर बूथ पर मोदी-कर्मचारियों ने मंत्रालय के सामने मनाया जश्न-51 प्रतिशत वोट शेयर का लक्ष्य पूरा करेंगे

2 min read
Google source verification
pou.png

lok sabha election 2024

भोपाल। प्रदेश में भाजपा की प्रचंड बहुमत से जीत के बाद दूसरे ही दिन भाजपा ने मिशन-2 पर कदमताल शुरू कर दी है। इसके तहत हर बूथ पर मोदी अभियान शुरू किया जाएगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए 29 की 29 सीटों को जीतने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए प्रदेश में हर बूथ पर मोदी अभियान को शुरू कर रहे हैं। जो बूथ विधानसभा चुनाव में कमजोर रह गए हैं, उनको अलग से सशक्त किया जाएगा। हर बूथ पर लोकसभा चुनाव में 51 फीसदी वोट शेयर लाने के लिए लक्ष्य रखकर काम होगा।

सोमवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदेश के 64523 बूथों को सशक्त करने के लिए हम पहले से काम कर रहे हैं। अब लोकसभा चुनाव के लिए अभियान चलाकर काम होगा। लोकसभा के लिए रणनीतिक बैठकों का दौर भी शुरू किया जा रहा है।

वीडी ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हमें 51% वोट शेयर का लक्ष्य दिया है। विधानसभा चुनाव में 51% के मुकाबले 49% वोट शेयर का लक्ष्य पूरा कर चुके हैं। अब लोकसभा में 51% का लक्ष्य पूरा करेंगे, क्योंकि लोकसभा के लिए हमें अभी बूथ सशक्तिकरण के लिए और समय मिल गया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में हारे बूथों की समीक्षा की जाएगी। हर बूथ के कारण जाने जाएंगे। ये भी देखा जाएगा कि किन कारणों से किस जगह पर कमी रह गई। गौरतलब है कि भाजपा ने बूथों को चार श्रेणियों में बांटकर काम किया है। अब विधानसभा चुनाव के नतीजों के हिसाब से फिर इन चार श्रेणियों को अपग्रेड करके काम होगा। इसमें जो कमजोर व हारे बूथ हैं, उन्हें नए सिरे से सूचीबद्ध करके काम होगा।

कमलनाथ रहेंगे अहम निशाना

लोकसभा चुनाव में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ही भाजपा का अहम सियासी निशाना रहेंगे। अभी 29 में से 28 सीटें भाजपा के पास हैं। छिंदवाड़ा सीट कांग्रेस के पास है। यहां नकुलनाथ सांसद हैं। इससे पहले यह सीट चार दशक से कमलनाथ के पास रही। सीएम बनने के लिए कमलनाथ ने विधानसभा चुनाव लड़ा था। उपचुनाव में नकुल सांसद बने थे।

बदले थे समीकरण

2019 के चुनाव में गुना सीट पर ज्योतिरादित्य सिंधिया की हार ने सूबे के सियासी समीकरण उलट-पुलट किए थे। सिंधिया कांग्रेस प्रत्याशी थे। मार्च 2020 में सिंधिया ने भाजपा ज्वाइन की। इससे पहले सिंधिया की गुना व नाथ की छिंदवाड़ा सीट ही भाजपा के लिए अभेद्य थी।

सोमवार को भोपाल के सरकारी कार्यालयों में भी चुनाव नतीजों की चर्चा चलती रही। कई कर्मचारी संगठनों ने भाजपा की जीत पर खुशी जाहिर की। भोजन अवकाश के समय कर्मचारियों ने मंत्रालय के सामने खुशी का इजहार किया। आतिशबाजी की और मिठाई बांटी। मप्र संविदा कर्मचारी अधिकारी महासंघ के रमेश राठौर ने बताया कि संविदा सहित अन्य कर्मचारी संगठनों ने बधाई दी। इसी तरह मंत्रालय सेवा अधिकारी कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि मंडल ने भी मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर जीत के लिए सीएम शिवराज सिंह को बधाई दी।