29 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

15000 पहुंची एलपीजी की पेंडेंसी, तेजी से खत्म हो रहा गैस-पेट्रोल-डीजल का स्टॉक

LPG- प्रशासन ने कहा-सब ठीक-ठाक! पैनिक बुकिंग और ओवर फ़्यूल फिलिंग से बचने की दी सलाह

2 min read
Google source verification
LPG Pendency in Bhopal District Reaches 15,000

LPG Pendency in Bhopal District Reaches 15000- File pic

Petrol LPG- भोपाल जिले में पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और राशन को लेकर आम जनता की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। सिलेंडर की 15 हजार बुकिंग लंबित है। जिला प्रशासन की एडवाइजरी के बावजूद अफवाहों पर सवार लोग सडक़ों पर भटक रहे हैं। कई स्थानों से गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंप संचालकों की मनमानी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है, निर्धारित दरों से अधिक वसूली और कृत्रिम कमी पैदा कर वितरण में देरी की जा रही है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। वहीं, ईंधन का स्टॉक भी तेजी से खत्म होता जा रहा है।

प्रशासन का दावा है कि लोगों के स्टोर करने की मानसिकता और अफवाहों के कारण पैनिक जैसे हालात बन रहे हैं। लोगों को बुकिंग के एक सप्ताह में गैस सिलेंडर मिल रहा है, लेकिन वे तत्काल सिलेंडर चाहतेे हैं। अधिकारियों के तमाम दावों के बाद भी लोगों का भरोसा नहीं बैठ रहा है और बुकिंग बढ़ रही है।

बोतल, ड्रम में डीजल-पेट्रोल लेने पर प्रतिबंध
प्रशासन द्वारा पंप संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि बोतल, कुप्पी या छोटे ड्रम अन्य स्टोर वाली वस्तुओं में ईंधन नहीं देना है। इसके बाद भी लोग लगातार अफवाहों के कारण वाहनों में बड़ी-बड़ी कुप्पी और ड्रम लेकर पहुंच रहे हैं, ताकि डीजल-पेट्रोल स्टोर करके रख सकें।

तेजी से खत्म हो रहा स्टॉक

ईंधन का स्टॉक तेजी से खत्म होता जा रहा है। लोगों द्वारा डीजल-पेट्रोल अधिक लेने के कारण खपत ज्यादा होने से पहले जहां जिले में पांच दिन के ईंधन का स्टॉक होता था, वह लगातार कम हो रहा है।

भोपाल खाद्य विभाग की टीम ने शनिवार को घोड़ा नक्कास क्षेत्र में अल कैटरिंग और कैटरिंग संचालक अब्दुल रहमान के घर व दुकान से 59 भरे हुए सिलेंडर बरामद किए हैं। टीम को घर से 15 घरेलू, 9 व्यावसायिक और पांच छोटे सिलेंडर मिले हैं। वहीं, दुकान से 12 व्यावसायिक, 18 छोटे पांच किलोग्राम क्षमता वाले 30 सिलेंडर मिले हैं। कैटरिंग संचालक अब्दुल रहमान पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पीपल चौराहा स्थित संजय जैन व सुजीत जैन की दुकान से सात घरेलू सिलेंडर जब्त किए हैं। कारोबारी बड़े सिलेंडर से पांच किलोग्राम के सिलेंडर में गैस भरकर 500 रुपए में बेच रहे थे। जवाहर चौक स्थित एवन इलेक्ट्रकल्स के संचालक शाहिद से तीन घरेलू सिलेंडर, एक लोकल गैस सिलेंडर चार पीतल बंसी जब्त की गई है। ऐशबाग थाना क्षेत्र में फरियादी राम सुशील द्विवेदी निवासी न्यू सुभाष नगर की शिकायत पर शनिवार दोपहर में एक गैस सिलेंडर चोरी का प्रकरण भी दर्ज किया गया है।

डिपो से रोज दिए जा रहे गैस सिलेंडर

जिला प्रशासन के अनुसार, जिले के सभी 90 से ज्यादा गैस एजेंसियों में रोजाना 360 से ज्यादा सिलेंडर डिपो से प्रदान किए जा रहे हैं। खपत बढऩे के कारण वर्तमान में 15 हजार से ज्यादा गैस सिलेंडर की पेडेंसी चल रही है। इसमें सामान्य तौर पर दो से तीन दिनों के अंदर ऑर्डर पर सिलेंडर सप्लाई हो रहे हैँ। वहीं, जिन एजेंसी में 20 हजार से ज्यादा उपभोक्ता हैं, वहां बुकिंग के बाद पांच से सात दिन का समय लग रहा है।

जिला खाद्य आपूर्ति विभाग के नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन बताते हैं कि जिले में ईंधन यानी गैस सिलेंडर, डीजल-पेट्रोल का स्टॉक पर्याप्त है। सिलेंडर की बुकिंग सामान्य दिनों से पांच गुना और डीजल-पेट्रोल की बिक्री दो से ढाई गुना बढऩे के कारण हालत कुछ असामान्य होते हैं। यह सब अफवाहों के कारण हो रहा है। प्रशासन हर जगह निगरानी कर रहा है।