
सीएम शिवराज का ऐलान, जुलाई में भी नहीं खुलेंगे मध्य प्रदेश के स्कूल
भोपाल/ मध्य प्रदेश में तेजी से पाव पसार रहे कोरोना वायरस का स्कूली छात्रों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। प्रदेश में बढ़ते संक्रमण को देखते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ये ऐलान किया है कि, प्रदेश के सभी स्कूलों को जुलाई मह में भी बंद रखा जाएगा। सीएम द्वारा ये फैसला शनिवार को स्व सहायता समूह से बातचीत के दौरान लिया गया। लंबे समय से इसपर अटकलें चल रही थीं कि, क्या संक्रमण के फैलाव के बीच स्कूलों को खोला जाएगा। लेकिन, अब शिवराज के फैसले के बाद ये तय है कि प्रदेश में जुलाई में स्कूल बंद रहेंगे।
पढ़ें ये खास खबर- कोरोना से बचना है तो इन बातों की बांध लें गांठ, कम होगा संक्रमण का खतरा
30 जून तक दिया गया था अवकाश
इससे पहले स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा 30 जून तक सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों के साथ शैक्षणिक संस्थाओं में छुटि्टयां घोषित की गई थीं। इसमें छात्रों के साथ ही शिक्षकों को भी अवकाश दिया गया है। इसी को लेकर चर्चाएं गर्म थीं कि, अब जबकि संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, तो क्या बच्चों की स्कूली अवकाश अवधि बढ़ाई जाएगी। लेकिन, अब शिवराज के फैसले के बाद स्थितियां स्पष्ट हो गई हैं।
सीएम ने कही ये बात
सीएम ने कहा कि, 'प्रदेश में अभी कोरोना को लेकर हालात ठीक नहीं हैं। ऐसे में बच्चों को स्कूल नहीं भेजा जा सकता। इसी के मद्देनजर जुलाई में भी स्कूल नहीं खुलेंगे, लेकिन जून के अंत में इसको लेकर एक बैठक होगी। उसके बाद ही आगे के फैसले किए जाएंगे। मैं इतना कह सकता हूं कि, जुलाई में स्कूल बंद ही रहेंगे।'
पढ़ें ये खास खबर- शराब के बाद अब खुलेगी भांग की दुकानें, इन्हें मिली अनुमति
पहले लिये जा चुके हैं ये फैसले
बता दें कि, मध्य प्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग ने सबसे पहले 4 मार्च को अवकाश घोषित किया था। इसके बाद कोरोना संक्रमण को देखते हुए 7 जून तक स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया गया था। इसके बाद 30 जून तक छुट्टी घोषित कर दी गई थी। आगामी दिनों में बैठक के बाद ये सुनिश्चित किया जाएगा कि, आखिरकार प्रदेश के स्कूलों को खोलने की अनुमति कब से और क्या नियमों के साथ खोले जा सकेंगे।
Published on:
13 Jun 2020, 7:24 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.