
आज से एमपी बोर्ड की 'द्वितीय परीक्षा' (Photo Source- Patrika)
MP Board Second Exam : माध्यमिक शिक्षा मंडल यानी एमपी बोर्ड की ओर से आज से परीक्षा परिणाम में असफल या बेहतर प्रदर्शन न कर पाने वाले छात्रों को दूसरी बार परीक्षा देने का मौका दिया जा रहा है। ये मौका विधार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए 'द्वितीय परीक्षा' का मौका दिया जा रहा है। परीक्षा से पहले मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने परीक्षा देने वाले विधार्थियों को खास संदेश देते हुए बेहतर भविष्य की शुभकामना दीं।
सीएम ने कहा कि, प्रिय विद्यार्थियों, आप जानते हैं कि, 'इस साल एमपी बोर्ड की कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम 16 वर्षों में सबसे बेहतर रहा है, इसी तरह 10वीं के रिजल्ट भी अच्छे रहे हैं, लेकिन कुछ परीक्षार्थी सफल नहीं हो सके थे। ऐसे बच्चों के लिए मध्य प्रदेश में 'द्वितीय परीक्षा' अवसर की शुरुआत 7 मई से हो रही है। परीक्षा में शामिल होने वाले सभी विद्यार्थियों को मेरी तरफ से अग्रिम शुभकामनाएं।'
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा- 'आप मेरे लिए सिर्फ छात्र नहीं, बल्कि प्रदेश के भविष्य की उज्ज्वल उम्मीद हैं। जब आप अपने सपनों के लिए मेहनत करते हैं तो उसमें सिर्फ आपका नहीं, आपके परिवार का, आपके टीचर्स का और पूरे प्रदेश का विश्वास जुड़ा होता है। मैं समझता हूं कि, कभी-कभी परिस्थितियां हमारे लिए अनुकूल नहीं होतीं, नतीजे उम्मीद के हिसाब से नहीं आते, इससे मन थोड़ी देर के लिए ठहर जाता है। लेकिन सच्चाई ये है कि, सपने कभी रुकते नहीं, वो बस सही मौके का इंतजार करते हैं और ये वही मौका है, जो अब आपके सामने है।'
सीएम मोहन के अनुसार, 'मैं हर विद्यार्थी से कह रहा हूं कि, एक परिणाम आपके पूरे भविष्य की कहानी तय नहीं कर सकता। प्रदेश सरकार ये मौका इसी दिशा में एक खास पहल है। ये महज योजना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सपनों को फिर से उड़ान देने का संकल्प है। यह उन बच्चों के लिए उम्मीद की नई किरण है जो 10वीं या 12वीं की बोर्ड परीक्षा में किसी वजह से असफल रहे या परीक्षा ही नहीं दे सके थे। द्वितीय परीक्षा विद्यार्थियों के लिए एक नई शुरुआत है। एक ऐसा मौका, जहां आप अपनी मेहनत को फिर साबित कर सकते हैं। अपने आत्मविश्वास को दोबारा खड़ा कर सकते हैं और अपने लक्ष्य के और करीब पहुंच सकते हैं। वहीं, अब प्रदेश में माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से आयोजित 10वीं और 12वीं की द्वितीय बोर्ड परीक्षाएं 7 मई से शुरु हो रही हैं।'
मोहन यादव ने आगे अभिभावकों से भी अपील की। उन्होंने कहा कि, अभिभावकों और शिक्षकों से भी मेरा विनम्र निवेदन है कि, इस समय बच्चों के साथ खड़े रहें। उनके मन को समझें। उन्हें सपोर्ट करें क्योंकि कई बार एक विश्वास भरा शब्द ही उन्हें नई ऊर्जा दे देता है। हर विद्यार्थी में अपार क्षमता है। अगर जरूरत है तो सिर्फ उसे पहचानने की, उसे संवारने और सही दिशा देने की। याद रखें, ये परीक्षा सिर्फ अंक सुधारने के लिए नहीं, बल्कि अपने आत्मविश्वास को दोबारा मजबूत करने का मौका है।'
सीएम ने कहा कि, 'अंत में मैं आप सभी को परीक्षा के लिए पहले से शुभकामनाएं देता हूं। आप प्रदेश का भविष्य हैं। आप सफल होकर अपने सपनों को साकार करें और मध्य प्रदेश का नाम रोशन करें। आप सभी को उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं। आगे बढ़ें, सफल हों और अपने जीवन में नई ऊंचाइयों को छुएं।'
Updated on:
07 May 2026 08:49 am
Published on:
07 May 2026 08:47 am
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
