14 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एमपी में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें, बीजेपी शीर्ष नेतृत्व की बड़ी बैठक आज

MP BJP- प्रदेश कोर समिति के 16 सदस्य होंगे शामिल, मंत्रिमंडल विस्तार और निगम-मंडल पर हो सकती है चर्चा

2 min read
Google source verification
Major BJP Meeting Amidst Speculation of Cabinet Expansion in MP

Major BJP Meeting Amidst Speculation of Cabinet Expansion in MP

MP BJP- एमपी में राजनैतिक गलियारों में एक बार फिर राज्य मंत्रिमंडल में विस्तार की अटकलें लगाई जा रहीं हैं। प्रदेश में निगम, मंडलों में नियुक्तियां भी की जानी हैं। प्रदेश बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व की आज बड़ी बैठक बुलाई गई है जिसमें इन दोनों मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। भाजपा कोर कमेटी की यह बैठक भोपाल में रखी गई है। इसमें संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी बीजेपी के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश व क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित प्रदेश के 16 दिग्गज नेता मौजूदा मुद्दों से लेकर भविष्य की रणनीति पर मंथन करेंगे।

मंगलवार को एमपी बीजेपी की बड़ी बैठक है। सीएम निवास में आयोजित यह बैठक शाम सात बजे से शुरु होगी। इस अहम बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ ही पार्टी के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश व क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल शामिल होंगे। इनके अलावा केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह व ज्योतिरादित्य सिंधिया और प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री भी बैठक में मौजूद रहेंगे।

सूत्रों के अनुसार, बीजेपी प्रदेश कोर कमेटी की इस बैठक में राज्य में निगम-मंडलों में नियुक्तियों और मंत्रीमंडल विस्तार जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है। इन दो मसलों को लेकर पार्टी में लंबे अरसे से ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है। आज की बैठक में इन मुद्दों पर शीर्ष नेतृत्व द्वारा स्थिति स्पष्ट कर दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।

ये नेता होंगे शामिल:

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया, राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला, जगदीश देवड़ा और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह और सांसद वीडी शर्मा, सांसद लता वानखेड़े, नरोत्तम मिश्रा व अरविंद भदौरिया शामिल होंगे।

ये मुद्दे होंगे खास

सामान्य नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर तैयार होगी कार्यक्रमों की रूपरेखा।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम व अन्य संगठनात्मक विषय।
अब तक चले संगठन के कामकाज के कार्यों की रिव्यू।

समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की तैयारी

गौरतलब है कि उत्तराखंड और गुजरात जैसे ही मध्यप्रदेश में भी समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की तैयारी जोरों पर चल रही है। इसके लिए राज्य सरकार पांच सदस्यीय समिति का गठन करेगी। यूसीसी पर समिति के गठन और अन्य प्रक्रिया के लिए विधि एवं विधायी विभाग को अधिकृत कर दिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट की बैठक में इसका अनुमोदन किया गया। समिति को दोनों राज्यों के अधिनियम का अध्ययन करके 60 दिन में अपनी रिपोर्ट प्रदेश सरकार को प्रस्तुत करना होगा। बीजेपी कोर ​कमेटी की बैठक में यह मुद्दा हावी रहेगा।