
,,
भोपाल। मध्यप्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार के भाई से विवाद के बाद बैंककर्मी को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। आरोपी पर कार्रवाई होने की बजाय बैंककर्मी को ही जेल भेजने दिया गया और तीन माह में भी आरोपी पर कार्रवाई नहीं होने से सिंधी समाज बेहद खफा है। समाज के लोगों ने शनिवार को राजधानी में बाजार बंद रखे और मुख्यमंत्री निवास के बाहर जमकर प्रदर्शन किया।
मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में पदस्थ बैरागढ़ निवासी कर्मचारी के साथ मारपीट की गई थी। प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार के भाई पर मारपीट के आरोप हैं। इसके विरोध में सिंधी समाज ने शनिवार को बाजार बंद रखे। सिंधी सेंट्रल पंचायत के आव्हान पर भोपाल और उसके आसपास के व्यापारिक संगठनों ने बंद का समर्थन किया।
मुख्यमंत्री निवास पर प्रदर्शन
सिंधी समाज के लोग शनिवार को मुख्यमंत्री निवास पर पहुंच गए और धरने पर बैठ गए। सभी व्यापारियों ने आज कारोबार बंद रखा। मुख्यमंत्री निवास पर बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने जमकर नारेबाजी की। वे मंत्री के भाई की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष एवं मध्य प्रदेश विधानसभा के पूर्व प्रमुख सचिव भगवान देव इसरानी के मुताबिक भोपाल की अनेक व्यापारियों ने बंद का समर्थन किया है। व्यापारियों ने शहर के कई बाजारों में स्वेच्छा से कारोबार बंद रखे।
दोषियों पर हो कार्रवाई
सिंधी पंचायत ने मांग की है कि शाजापुर में बैंक कर्मचारी के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। पंचायत का आरोप है कि प्रदेश के मंत्री के दबाव में आकर पुलिस प्रशासन ने गलत कार्रवाई की है। इसकी निष्पक्ष जांच की जाना चाहिए, तो पूरा सच सामने आ जाएगा। पंचायत का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से भी मुलाकात करने वाला है।
क्या हुआ था उस दिन
मामला 19 जुलाई का है। शाजापुर में हुई इस मारपीट का वीडियो भी वायरल हुआ था। हरिप्रसाद पिता भेरूलाल परमार सेंट्रल बैंक आफ इंडिया की पोचानेर शाखा में पदस्थ बैंक कर्मचारी नरेश फूलवानी को दौड़ा-दौड़ाकर पीटते दिखाई दे रहे हैं। हरिप्रसाद प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार के भाई बताए जाते हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मंत्री के भाई के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाय बैंककर्मी के खिलाफ ही रिपोर्ट लिखकर जेल भेज दिया था। पुलिस का कहा था कि उन्हें कोई शिकायती आवेदन नहीं मिला।
सीएम हाउस की सुरक्षा में चूक
शनिवार को अपना कारोबार बंद करने के साथ ही सिंधी समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्र होकर मुख्यमंत्री निवास तक पहुंच गए। इसे सीएम हाउस की सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है। हालांकि यहां बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया था। पुलिस कर्मियों ने लोगों को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक समाज के लोग नारेबाजी करते रहे।
Published on:
25 Sept 2021 05:10 pm
