
मायावती ने भाजपा-कांग्रेस दोनों को बताया दलित विरोधी
पथरिया (दमोह). पथरिया में आयोजित सभा के दौरान मंगलवार को बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने कहा कि विरोधी दल झूठी घोषणाएं कर बहलाने की कोशिश करेंगे, लेकिन जनता इनके बहकावे में न आए। अधिकांश घोषणाएं झूठी होती हैं। बसपा कभी भी घोषणा-पत्र जारी नहीं करती। काम करने वाली पार्टी है और काम करके दिखाती है। मायावती ने भाजपा और कांग्रेस दोनों को दलित विरोधी बताते हुए कहा, कांग्रेस ने सरकार में रहते हुए दलितों को नौकरियों में आरक्षण नहीं दिया। बाबा साहेब आंबेडकर को भारत रत्न देने में कांग्रेस ने कभी कोई प्रयास नहीं किया। बहुजन समाज पार्टी के प्रयासों से वीपी सिंह की सरकार के समय उन्हें भारत रत्न की उपाधि दी गई।
निवाड़ी जिला : अखिलेश यादव ने चेताया... हम यूपी में कांग्रेस से दूरी बना लेंगे
टीकमगढ़/ओरछा. चुनावी सभा को संबोधित करने ओरछा पहुंचे समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को कांग्रेस और भाजपा पर निशाना साधा। उनके भाषण में यहां भी गठबंधन का दर्द छलका। कहा, मप्र में कांग्रेस ने हमारी पार्टी से दूरी बनाई है तो हम भी यूपी मेें कांग्रेस से दूरी बना लेंगे। निवाड़ी सीट के लिए सभा करने पहुंचे अखिलेश ने पहले ओरछा में श्रीरामराजा सरकार के दर्शन किए। इसके बाद सभा में ड्रोन की तरफ इशारा करते हुए भाजपा पर व्यंग्य कसा। भाजपा के लोगों ने कहा था कि दो हजार के नोट में चिप लगी होगी तो मुझे लगता है कि यह ड्रोन चिप लगे दो हजार के नोट तो ढूंढऩे के लिए आ गया है। नोटबंदी करके भाजपा ने देश के साथ धोखा किया है।
भाजपा के युवा नव मतदाता सम्मेलन में कहा, सीएम भूपेश को भी सीबीआइ, ईडी पकड़कर ले जाएगी: अनुराग ठाकुर
बीना (सागर). केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस की सरकार है। राजस्थान महिला अपराधों में देश में नंबर वन है। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार जोरों पर है। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार करो और भू-पे करो, मतलब भूपेश को भुगतान करो। कांग्रेस की पाचन शक्ति बहुत अच्छी है। इतना भ्रष्टाचार करने के बाद भी डकार नहीं मारते।
उन्होंने कहा कि सीएम भूपेश बघेल एक इंटरव्यू में जवाब नहीं दे पा रहे थे, लेकिन जवाब तो देना पड़ेगा। भूपेश को भी सीबीआइ, ईडी पकडकऱ ले जाएगी, जहां दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया, आप सांसद संजय सिंह, दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री बंद हैं। भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई होती रहेगी। सागर जिले के बीना विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के युवा नव मतदाता सम्मेलन में ठाकुर ने कहा कि राजस्थान में भाई-भतीजावाद बढ़-चढकऱ बोल रहा है। बीस साल पहले मप्र क्या था, युवाओं को पता नहीं होगा। यह बीमारू राज्य था। सडक़ें खराब थीं। मेडिकल कॉलेज नहीं थे। बिजली मिलती नहीं थी और भाजपा की सरकार आते ही सूर्योदय हुआ है प्रदेश का। पिछले नौ सालों की मोदी सरकार ने वह काम किया है, जो कांग्रेस 60 साल में नहीं कर पाई। देश के साथ राज्य में भी भाजपा की सरकार होना जरूरी है, क्योंकि छत्तीसगढ़ में हजारों करोड़ पीएम आवास के लिए दिए थे, लेकिन गरीबों तक नहीं पहुंचे। राशन के साढ़े नौ हजार करोड़ रुपए खा गए।
प्रियंका गांधी को एमएसपी ही नहीं पता
केंद्रीय मंत्री ठाकुर ने कहा, प्रियंका गांधी को एमएसपी क्या है यह नहीं पता। भाजपा सरकार ने किसानों की फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाया, भरपूर यूरिया दिया, किसान सम्मान निधि दी, किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य बनाया। हम गरीबों को जातियों में नहीं बांटते। सभी को योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के मिलता है।
शाजापुर जिला : कांग्रेस को राम मंदिर में सांप्रदायिकता दिखती है: योगी
शाजापुर ञ्च पत्रिका. यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को शाजापुर जिले की विधानसभाओं में सभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर का मुद्दा उठाया। कहा, डबल इंजन की सरकार डबल स्पीड से कार्य करती है। उप्र में डबल इंजन की सरकार नहीं होती तो राम मंदिर की समस्या का समाधान नहीं होता। मप्र में डबल इंजन की सरकार नहीं होती तो श्री महाकाल लोक नहीं बन पाता। ये कांग्रेसी तो कभी बनाते ही नहीं। इनके एजेंडे के हिस्से ही नहीं। महालोक निर्माण में, श्रीराम मंदिर के निर्माण में, विश्वनाथ धाम के निर्माण में इनको (कांग्रेस) सांप्रदायिकता नजर आती है। जो लव जिहादी हैं उनमें कांग्रेस को सांप्रदायिकता नजर नहीं आती। उनमें सद्भावना नजर आती है।
जबलपुर जिला : सचिन पायलट ने कहा- जनता अब भाजपा से छुटकारा पाना चाहती है
सिहोरा (जबलपुर). कांग्रेस नेता सचिन पायलट मंगलवार को महाकौशल के चुनावी दौरे पर पहुंचे। सिहोरा में रोड शो में हिस्सा लिया और जनसभा को संबोधित किया। पायलट ने कहा कि मध्यप्रदेश के लोग भाजपा से परेशान हो चुके हैं और छुटकारा पाना चाहते हैं। वक्त बदलाव का है। जनता ने कांग्रेस को मौका देने का मन बना लिया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में पूर्ण बहुमत के साथ कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। पायलट ने कहा, प्रदेश में परिवर्तन की लहर चल रही है। कांग्रेस के पास विजन के साथ विकास का खाका है। मध्यप्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में सबकुछ है। भाजपा में अंतर्कलह मची है। भाजपा ने कभी भी जवान और किसानों का सम्मान नहीं किया।
Published on:
08 Nov 2023 07:52 am
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
