
कर्नाटक चुनाव के बाद कांग्रेस की नजर अब मध्यप्रदेश पर है। पिछली बार विन्ध्य क्षेत्र से शुरुआत करने वाली कांग्रेस अब महाकौशल क्षेत्र से चुनावी शंखनाद करने वाली है। खास बात यह है कि शिवराज सरकार की मास्टर स्ट्रोक माने जाने वाली लाडली बहना के जवाब के लिए भी कांग्रेस ने रणनीति तैयार कर ली है। इसी सिलसिले में प्रियंका गांधी वॉड्रा जबलपुर से चुनावी शंखनाद करेंगी। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 नवंबर में होने वाले हैं।
कर्नाटक चुनाव होते ही कांग्रेस नेता अब मध्यप्रदेश की ओर रुख कर रहे हैं। कांग्रेस इस बार मध्यप्रदेश के महाकौशल क्षेत्र से चुनाव का शंखनाद करने वाली है। प्रियंका वॉड्रा 12 जून को जबलपुर आएंगी और बड़ा रोड शो करने वाली हैं। इसी दिन ग्वारीघाट में मां नर्मदा के पूजन के बाद बड़ी जनसभा को भी संबोधित करेंगी। इस आयोजन में कांग्रेस ने करीब डेढ़ से दो लाख लोगों को जुटाने की तैयारी कर ली है। गौरतलब है कि 2018 के विधानसभा से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव प्रचार की शुरुआत विंध्य क्षेत्र के चित्रकूट से की थी।
अमित शाह ने मारी बाजी
इससे पहले गृहमंत्री अमित शाह छिंदवाड़ा का दौरा कर महाकौशल क्षेत्र में पहले ही बाजी मार चुके हैं। महाकौशल क्षेत्र में जबलपुर राजनीति की धुरी माना जाता है, कांग्रेस यहीं से अपना अभियान शुरू करेगी।
महाकौशल की 38 सीटों पर नजर
महाकौशल क्षेत्र यानी जबलपुर संभाग में 8 जिले आते हैं। इनमें 38 विधानसभा सीटें हैं, इनमें से 13 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 114 सीटें जीती थीं और भाजपा 109 पर चुनाव जीत पाई थी। कांग्रेस ने सरकार बनाई थी। इसके बाद 2020 को ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने वफादार विधायकों के साथ भाजपा में चले गए थे। इसके बाद कांग्रेस की कमलनाथ सरकार गिर गई थी। दोबारा से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सरकार की कमान संभाली थी।
पदाधिकारियों को दी जिम्मेदारी
पार्टी का कहना है कि प्रियंका गांधी का रोड शो तीन किलमीटर लंबा होगा। इस रोड शो में पूर्व सीएम कमलनाथ, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा समेत पार्टी के सभी सीनियर लीडर मौजूद रहेंगे। कांग्रेस के जबलपुर शहर अध्यक्ष जगत बहादुर सिंह अन्नू कहते हैं कि प्रियंका की सभा में ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाने की जिम्मेदारियां हमारे पदाधिकारियों को सौंप दी है।
क्या जान फूंक पाएंगी प्रियंका
कांग्रेस को उम्मीद है कि कांग्रेस नेता प्रियंका मध्यप्रदेश में जान फूंक सकती हैं। यही कारण है कि रुटीन प्लान से अलग हटकर भी रणनीति बनाई जा रही है। प्रियंका के जरिए कांग्रेस शिवराज सरकार की मास्टर स्ट्रोक माने जाने वाली लाडली बहना योजना का जवाब देने वाली है। इधर 10 जून को बहनों के खाते में शिवराज सरकार पहली किस्त जमा करेगी, इसी के दो दिन बाद प्रियंका गांधी 12 जून को धावा बोल देंगी।
सूत्रों के मुताबिक कमलनाथ ने बुधवार को ही छिंदवाड़ा में नारी सम्मान योजना लांच की है। इसके तहत कमलनाथ ने प्रदेश की महिलाओं से आवेदन मांगे हैं, जिसके तहत उन्हें 1500 रुपए दिए जाएंगे, इसके अलावा रसोई गैस का सिलेंडर 500 रुपए में देने का ऐलान भी किया है। कमलनाथ ने कहा है कि यह वादा नहीं वचन है। संभवतः प्रदेश में यह पहला मौका है जब किसी विपक्षी पार्टी ने योजना शुरू की है। प्रियंका गांधी के जरिए इस योजना को और अधिक बूस्ट दिया जा सकता है।
Updated on:
11 May 2023 06:59 pm
Published on:
11 May 2023 06:57 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
