2 जनवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मध्यप्रदेश में विदेशी निवेश तीन गुना बढ़कर हुआ 1560 करोड़

एफडीआइ: कनाडा, फ्रांस, चीन और यूएसए की कंपनियां निवेश को बेकरार

2 min read
Google source verification
foreign_investment.png

भोपाल@जितेन्द्र चौरसिया

यूरोपीय देशों ने भारत और मध्यप्रदेश में खासा निवेश किया है। भरोसा और बढ़ते विकास के चलते मार्च 2021 से मार्च 2022 के बीच 1560.३३ करोड़ का विदेशी निवेश (एफडीआइ) आया। कनाडा, फ्रांस, चीन और यूएसए जैसे देशों की कंपनियां मप्र में निवेश के लिए बेकरार हैं। पिछले महीने ही कनाडा ने निवेश के लिए ठोस कदम बढ़ाए हैं। 2016-17 में महज 515 करोड़ रुपए का विदेशी निवेश था। 5-6 साल में तीन गुना वृद्धि हुई है। अक्टूबर 2019 से मार्च 2021 तक 2086.12 करोड़ का निवेश आया। यह राशि अक्टूबर 2019 से मार्च 2022 की स्थिति में बढ़कर 3646.45 करोड़ हो गई।

ये देश दिखा रहे दिलचस्पी
कनाडा की कॉन्सुलेट जनरल डीएडरेह केली ने इसी महीने सीएम शिवराज से मुलाकात की थी। अभी कनाडा की कंपनियों का इंदौर, देवास और पीथमपुर में निवेश है। अब सीपीपी इन्वेस्टमेंट ने प्रदेश में 115 मिलियन डॉलर निवेश का प्रस्ताव दिया है।

कंपनियां सोलर एनर्जी में भी निवेश के लिए रुचि दिखा चुकी हैं। फ्रांस और सऊदी अरब के उद्योगपति भी सीएम से निवेश के लिए मिल चुके हैं। नीदरलैंड और चीन की कंपनियों से अलग-अलग स्तर पर चर्चा चल रही है।

मध्यप्रदेश का पांच देशों पर फोकस
फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, एआइ, आइटी, ग्रीन एनर्जी और ऑटोमोबाइल सेक्टर में मप्र निवेश को बढ़ावा दे रहा है। चुनिंदा देशों से मध्यप्रदेश की पूर्व में निवेश को लेकर चर्चा हो चुकी है। इसी कारण स्विट्जरलैंड, यूएसए, ब्रिटेन, जर्मनी और कनाडा की यात्राएं शिवराज करने वाले हैं।

प्रदेश में पहले से इन देशों की कंपनियों का निवेश
इंदौर, भोपाल और इनके आसपास सहित कई जगह विदेशी कंपनियों का निवेश हैं। इनमें यूएसए, कनाडा, चीन, जापान, सिंगापुर, जर्मनी, नीदरलैंड, फ्रांस, कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, इजराइल की कंपनियां या समर्थित कंपनियां हैं।

निर्यात-निवेश दोनों में उम्मीदें ज्यादा
- नीमच का आंवला दुनिया में अलग पहचान रखता है। तुलसी, अश्वगंधा सहित कई देसी औषधीय खेती मध्यप्रदेश में भरपूर है।
- मध्यप्रदेश इन देशों से निवेश और निर्यात पर चर्चा कर रहा है। इसके अलावा गेहूं निर्यात में भी मप्र ने काफी सफलता हासिल की है।

ऐसे बढ़ता गया विदेशी पूंजी निवेश
- 3646.45 करोड़ अक्टूबर 2019 से मार्च 2022 तक
- 2086.12 करोड़ अक्टूबर 2019 से मार्च 2021 तक
- 542.04 करोड़ अक्टूबर 2019 से मार्च 2020 तक
(स्रोत- एफडीआइ फैक्टशीट-आरबीआइ।)

भारत में निवेश वाले टॉप-5 देश
मॉरीशस- 907547.04
सिंगापुर- 857023.80
यूएसए- 357248.00
नीदरलैंड- 263593.88
जापान- 221733.79
(राशि करोड़ रुपए में, मार्च 2022 की स्थिति में)

मप्र में विदेशी निवेश का ट्रैक रिकॉर्ड
2016-17- 515
2017-18- 181
2018-19 - 224
2000-2019 कुल- 7533
(राशि करोड़ रुपए में)