
विजय शाह के सपोर्ट में कांग्रेस विधायक। फोटो- पत्रिका
mp news: कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित टिप्पणी कर विवादों में घिरे मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह पूरे देश में सुर्खियों में हैं। कांग्रेस उन पर पूरी तरह से हमलावर है और इस्तीफे की मांग कर रही है लेकिन इसी बीच मध्यप्रदेश कांग्रेस के एक विधायक ने विजय शाह का समर्थन किया। कांग्रेस विधायक ने विजय शाह का समर्थन करते हुए अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो भी शेयर किया है।
विजय शाह के विवादित बयान के बाद उनका समर्थन करने वाले कांग्रेस विधायक का नाम अभिजीत शाह है। अभिजीत शाह मध्यप्रदेश के हरदा जिले की टिमरनी विधानसभा से कांग्रेस के विधायक है। वो अजय शाह के बेटे और मंत्री विजय शाह के भतीजे हैं। अभिजीत शाह ने पार्टी से उलट अपने चाचा यानी विजय शाह का एक पुराना वीडियो अपने अकाउंट पर शेयर करते हुए उनका सपोर्ट किया है।
कांग्रेस विधायक अभिजीत शाह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर विजय शाह का एक पुराना वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में विजय शाह सेना की तारीफ करते दिख रहे हैं और इसके कैप्शन में अभिजीत शाह ने लिखा है- मकड़ाई रियासत स्वतंत्र भारत की उन विरल रियासतों में से थी, जिसने देश की एकता और अखंडता के पवित्र उद्देश्य को सर्वोपरि मानते हुए, किसी शर्त या विरोध के बिना, स्वेच्छा से अपनी समस्त भूमि, सत्ता और अधिकार भारत मां के चरणों में समर्पित कर दिए। यह निर्णय केवल एक राजनीतिक कदम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण और मातृभूमि के लिए सर्वोच्च त्याग का प्रतीक था। शब्द गलत हो सकते हैं पर उस परिवार का कोई भी सदस्य देश द्रोही नहीं हो सकता।
Updated on:
22 May 2025 05:15 pm
Published on:
22 May 2025 05:15 pm
