
holi violence four knife attack incidents reported across city (demo pic)
MP News: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में होली के त्योहार के दौरान भारी पुलिस तैनाती और गश्त के बावजूद अलग-अलग क्षेत्रों में चाकूबाजी की चार घटनाएं सामने आई हैं। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में रंग डालने और होली खेलने को लेकर मारपीट की दो अन्य घटनाएं भी हुईं। सभी मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं हमलावरों की तलाश में टीमें लगा दी गईं हैं।
पहली घटना अरेरा कॉलोनी इलाके में हुई, जहां कुछ अज्ञात बदमाशों ने होली खेल रहे 23 वर्षीय रोहित चौहान पर चाकू से हमला कर दिया। रोहित अपने दोस्तों के साथ होली मना रहा था। हमले के बाद उसके दोस्त सूरज ने उसे अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। सूरज की शिकायत पर हबीबगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
दूसरी घटना गौतम नगर इलाके में हुई, जहां 23 वर्षीय प्रमोद पंथी को हर्ष मांझी ने चाकू मारकर घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच नशे की हालत में कहासुनी हुई थी, जिसके बाद यह घटना हुई।
करोंद चौराहे पर विवाद में हमला
तीसरी घटना निशातपुरा थाना क्षेत्र के करोंद चौराहे पर बबलू गौर पर दुर्जन बंसकार, राजा और उनके साथियों ने होली के दौरान मामूली विवाद को लेकर हमला कर दिया और चाकू मारकर घायल कर दिया।
चौथी घटना इसी थाना क्षेत्र के रतन कॉलोनी में 26 वर्षीय पीयूष ठाकुर को अजय अहिरवार, समीर और अन्य लोगों ने नशे में हुए विवाद के बाद चाकू मारकर घायल कर दिया।
वहीं ईंटखेड़ी क्षेत्र में रवि राजपूत के साथ सुनील तमोली और उसके साथियों ने मारपीट की। बताया गया कि रवि ने उस पर रंग डालने का विरोध किया था। वहीं सुखी सेवनिया में गोलू लोधी के साथ भानु बैरागी, विष्णु और अन्य लोगों ने मारपीट की। गोलू ने अपने घर के पास होली खेलते समय हंगामा करने का विरोध किया था।
Published on:
05 Mar 2026 10:08 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
